scriptलूट के आरोपियों को पकडऩे गए पुलिस दल पर फायरिंग | looted accused arrested | Patrika News

लूट के आरोपियों को पकडऩे गए पुलिस दल पर फायरिंग

locationभिंडPublished: Jun 28, 2018 11:21:59 pm

Submitted by:

Gaurav Sen

दो दिन पूर्व हुई दपंत्ति के साथ लूट के मामले में आरोपियों को पकडऩे गई थी पुलिससरपंच के पति ने पुलिस पर किए फायर

fireing, accused, police, arest, bhind news in hindi, mp news

लूट के आरोपियों को पकडऩे गए पुलिस दल पर फायरिंग

ऊमरी. लूट के आरोपियों को पकडऩे गए पुलिस दल पर सरपंच पति ने फायरिंग कर दी। बाद में पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर न केवल लूट के आरोपी बल्कि पुलिस पर जानलेवा हमला करने के आरोपी सरपंच पति को भी दबोच लिया। वारदात नयागांव थाना क्षेत्र के ईश्वरी गांव में गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे की है।
एसडीओपी महिपाल सिंह यादव के अनुसार दो दिन पूर्व 25 जून की सुबह करीब नौ बजे रश्मि परिहार अपने पति गिर्राज सिंह निवासी अंबाह जिला मुरैना के साथ बाइक पर सवार होकर जा रही थी तभी तीन हथियारबंद बदमाशों ने उसके पति की कनपटी पर कट्टा लगाकर उसके कब्जे से सोने के गहने व मोबाइल लूट लिया था।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस अधीक्षक रूडोल्फ अल्वारेस के निर्देशन व एएसपी गुरुकरन सिंह के मार्ग दर्शन में की गई पड़ताल में आरोपियों को दो दिन में ही भूरे उर्फ प्रदीप सिंह राजावत पिता वीर सिंह राजावत निवाीस पुरानी गढिय़ा, आशीष सिंह पुत्र बनवारी सिंह राजावत सरसई, जितेंद्र सिंह पुत्र मुन्नी सिंह राजावत ईश्वरी को नामजद कर लिया गया। गुरुवार को पुलिस दल मुखबिर की सूचना पर जब आरोपियों को गिरफ्तार करने नयागांव थाना क्षेत्र के ईश्वरी गांव पहुंचा तो स्थानीय सरपंच मीरा देवी के पति भानु सिंह ने अपने एक अन्य साथी योगेंद्र सिंह पुत्र राजवीर सिंह राजावात निवासी सरसई के साथ मिलकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। लुटेरे सरपंच पति के रिश्तेदार बताए गए हैं।
आधे घंटे की मशक्कत में दबोच लिए गए हमलावर व लूट के आरोपी

इससे पहले कि हमलावर पुलिस पर हावी हो पाते एसओ नयागांव केदार सिंह यादव, एसओ ऊमरी चंद्रप्रकाश सिंह चौहान सहित एक दर्जन से ज्यादा बल ने हमलावरों को चारों ओर से घेर लिया। हालांकि इस बीच उन्होंने आधा दर्जन से अधिक पुलिस दल पर फायर किए। गनीमत ये रही कि कोई भी पुलिस कर्मी हताहत नहीं हुआ और पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में एक भी फायर करने के बजाए सिर्फ ललकारा और समर्पण करने को कहा। आधे घंटे के अंदर ही पुलिस ने लूट के आरोपियों के अलावा पुलिस पर हमले के आरोपियों को भी गिरफ्त में ले लिया।
तीन कट्टे व सात जिंदा कारतूस जब्त किए गए हमलावरों से

हमलावर सरपंच पति भानुप्रताप सिंह व योगेंद्र सिंह के कब्जे से पुलिस ने 315 बोर के तीन कट्टे व सात जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। वहीं लूट के आरोपी भूरे उर्फ प्रदीप सिंह राजावत, आशीष सिंह एवं जितेंद्र सिंह राजावत से लूट का माल एवं वारदात में उपयोग किए गए हथियारों की बरामदगी के लिए उन्हें न्यायालय से तीन दिन की पीआर पर रखने की अनुमति ली जा रही है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो