scriptकोरोना कफ्र्यू में चल रहा पेठा बनाने का कारखाना पकड़ा, संचालक को लिया हिरासत में | petha factory caught by officers during corona curfew | Patrika News

कोरोना कफ्र्यू में चल रहा पेठा बनाने का कारखाना पकड़ा, संचालक को लिया हिरासत में

locationभिंडPublished: May 21, 2021 11:18:36 pm

शहर भ्रमण पर निकले अफसर तो पड़ी नजर, पेठा के 20 कैरेट जब्त, की जा रही सैंपलिंग
 

कोरोना कफ्र्यू में चल रहा पेठा बनाने का कारखाना पकड़ा, संचालक को लिया हिरासत में

कोरोना कफ्र्यू में चल रहा पेठा बनाने का कारखाना पकड़ा, संचालक को लिया हिरासत में

भिण्ड. शहर भ्रमण पर पैदल निकले कलेक्टर व एसपी ने नगर के धर्मपुरी इलाके में संचालित हो रही पेठा फैक्ट्री देखी। ऐसे में एसपी ने सीएसपी व सिटी कोतवाली टीआई को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस बल ने पांच मिनट में मौके पर पहुंचकर फैक्ट्री परिसर में रखे पेठा के 20 कैरेट जब्त कर लिए। कार्रवाई शुक्रवार की शाम पांच बजे की है। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस एवं एसपी मनोज कुमार सिंह अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पैदल ही शहर की स्थिति का जायजा लेने निकले थे। ऐसे में उन्होंने धर्मपुरी स्थित मुक्तिधाम का निरीक्षण किया। इसी दौरान उन्हें श्मशान के पास ही चल रही पेठा फैक्ट्री नजर आई। कोरोना कफ्र्यू में सभी दुकानें बंद रखने का आदेश है बावजूद इसके फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। लिहाजा एसपी मनोज कुमार सिंह ने सीएसपी आनंद राय व थाना प्रभारी सिटी कोतवाली राजकुमार शर्मा को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पैक रखी पेठा की २० कैरेट जब्त कर लीं।
चोरी छिपे खपाई जा रही थी पेठा की खेप

फैक्ट्री के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि रातों रात पेठा तैयार करने के बाद संचालक द्वारा पेठा की खेप चोरी छिपे खपाए जाने का सिलसिला चल रहा था। अक्सर रात के समय लोडिंग वाहन लग जाता था, जिसमें माल लादकर संबंधित स्थानों पर ले जाया जा रहा था।
फैक्ट्री संचालक बोला – आगरा से मंगाया था पेठा,कॉपी पर लिखा हिसाब दिखाया

फैक्ट्री संचालक जगत सिंह सेंगर ने पुलिस को बताया कि वह पेठा की खेप आगरा से लेकर आया था। ऐसे में जब पुलिस ने उससे बिल मांगा तो कॉपी के एक सादा पन्ने पर लिखा हिसाब दिखाने लगा। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी फैक्ट्री पर खाद्य निरीक्षक द्वारा छापामार कार्रवाई की जा चुकी है। इस दौरान सैंपलिंग भी की गई थी।
संचालक से हो रही पूछताछ – बाजार नहीं खुल रहे तो क्यों बनाया जा रहा था पेठा

पेठा फैक्ट्री संचालक जगत सिंह सेंगर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उससे प्रारंभिक पूछताछ में जाना कि कोरोना कफ्र्यू के दौरान जहां बाजार बंद हैं ऐसे में पेठा बड़ी मात्रा में क्यों बनाया जा रहा था। इसके अलावा फैक्ट्री परिसर में व्याप्त गंदगी के चलते जब्त किए गए पेठा की खाद्य अमले को बुलाकर सैंपलिंग भी कराई जा रही है। पेठा में गड़बड़ी पाए जाने पर धारा 188 के अलावा मिलावटखोरी के आरोप में भी केस दर्ज किया जा सकता है।
धर्मपुरी इलाके में कोरोना कफ्र्यू के दौरान चल रही पेठा फैक्ट्री पर छापमार कार्रवाई में पेठा की करेट जब्त की गई हैं। बरामद किए गए माल की सैंपलिंग कराई जा रही है।
राजकुमार शर्मा, नगर निरीक्षक सिटी कोतवाली भिण्ड
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो