scriptदहशत में दुकानदार, नपा ने दुकानों में लगाए लाल निशान | Shopkeepers in panic, Napa put red marks in shops | Patrika News

दहशत में दुकानदार, नपा ने दुकानों में लगाए लाल निशान

locationभिंडPublished: Mar 26, 2022 02:24:17 pm

Submitted by:

Abdul Sharif

नगर पालिका ने बांटे बाजार में नोटिस, १ अप्रैल तक दुकानदारों दस्तावेज पेश करने का दिया समय।

,

दहशत में दुकानदार, नपा ने दुकानों में लगाए लाल निशान,दहशत में दुकानदार, नपा ने दुकानों में लगाए लाल निशान


रविभान सिंह भदौरिया, भिण्ड। सदर बाजार में नब्बे फीट चौड़ी सडक़ करने के लिए नगर पालिका और राजस्व विभाग ने तैयारी कर ली है। तीन दिन पहले बाजार में हुई नापजोख से दुकानदार दहशत में हैं। बाजार में कहीं १८ फीट तो कहीं १७ फीट अतिक्रमण के लाल निशान दुकानों में लगाए गए। वहीं शुक्रवार को नगर पालिका ने बाजार में करीब डेढ़ सैकड़ा दुकानदारों को नोटिस बांटकर सात दिन में दस्तावेज पेश करने का समय दिया है।
सदर बाजार अतिक्रमण की चपेट में पिछले कई साल से हैं। जिला प्रशासन ने बाजार की मुख्य सडक़ को अतिक्रमण मुक्त करने का निर्णय लिया है। इसके लिए तैयारियां शुरु कर दी हैं। बाजार में दुकानों का अतिक्रमण क्षेत्र नापकर लाल निशान लगा दिय गया। इसमें किसी की आधी दुकान तो किसी के पूरी दुकान अतिक्रमण में जा रही है। जहा प्रशासन अतिक्रमण मुक्त बाजार करने की तैयारी कर रहा है वहीं सदर बाजार के व्यापारी भी जिला प्रशासन को घेरने की तैयारी कर रहे हैं। कोई न्यायालय की शरण में जा रहा है तो कोई नेताओं से गुहार लगा रहा है। सब अपने अपने स्तर से काम कर रहे हैं। आखिरी में इस बात का निर्णया होगा कि बाजार अतिक्रमण मुक्त होगा कि जिला प्रशासन पस्त होगा। व्यापारियों ने अपने अपने तरीके से जिला प्रशासन को घेरने की तैयारी शुरु कर दी है।
सुबह कुछ और दोपहर कुछ :
नगर पालिका ने सुबह सदर बाजार में नोटिस दुकानदारों को बांटे। उसके बाद फिर से एक संशोधित नोटिस जारी किया। शाम को दोबारा से नए नोटिस बांटे गए। सदर बाजार में रीता सोनी को सुबह मिले नोटिस में अतिक्रमण नौ फीट था। वहीं जब नगर पालिका ने रीता सोनी को दूसरा संशोधित नोटिस दिया तो उसमें अतिक्रमण १७ फीट ४ इंच हो गया। इससे व्यापारी नगर पालिका पर घालमेल का आरोप लगा रहे हैं। ऐसा नगर में अधिकांश नोटिस में हुआ।
सदर बाजार में डेढ़ सैकड़ा लोगों को बांटे नोटिस :
सदर बाजार में बीच में से दोनों ओर ४५-४५ फीट सडक़ की नापजोख की गई। उसके अलावा जितने हिस्से में निर्माण किया गया है उसे जिला प्रशासन अतिक्रमण मान रहा है। सदर बाजार के दोनों ओर करीब डेढ़ सैकड़ा लोगों को नोटिस दिया गया। नोटिस में सात दिन का समय दुकानदारों को दिया है। १ अप्रैल को दुकानदार अपने दस्तावेज पेश करेंगे।
क्या बोले दुकानदार :
– नगर पालिका के पास कोई योजना नहीं है। किसी का कम और किसी का अधिक अतिक्रमण बताकर मनमानी की जा रही है। जिसका अतिक्रमण नहीं उसको भी नोटिस दिया जा रहा है। यह गलत है।
अशोक जैन, व्यापारी सदर बाजार।
– नगर पालिका एक ही जगह के लिए दो बार नोटिस दे रही है। पहले नौ फीट अतिक्रमण बताया उसके बाद १७ फीट ६ इंच का नोटिस दिया। यह मनमानी की जा रही है। प्रशासन दुकानदारों को परेशान कर रहा है।
संजय सोनी, व्यापारी।
कथन :
सदर बाजार में अतिक्रमण की स्थिति की नापजोख कर ली गई है। सदर बाजार में ९० फीट चौड़ी सडक़ है। नोटिस की कार्रवाई के बाद अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण से बेदखल करने की कार्रवाई की जाएगी।
सुरेंद्र शर्मा, सीएमओ नगर पालिका भिण्ड।

ट्रेंडिंग वीडियो