scriptचौधरी अभय सिंह चौटाला ने किया एसवाईएल सम्पर्क नहर निर्माण के मुद्दे पर तेज आंदोलन करने का ऐलान | Fast movement on the issue of construction of SYEL connection canal | Patrika News

चौधरी अभय सिंह चौटाला ने किया एसवाईएल सम्पर्क नहर निर्माण के मुद्दे पर तेज आंदोलन करने का ऐलान

locationभिवानीPublished: Jul 17, 2018 05:56:46 pm

Submitted by:

Prateek

एसवाईएल सम्पर्क नहर निर्माण के मुद्दे पर आंदोलन को आगे ले जाने का ऐलान गठबंधन की ओर से इंडियन नेशनल लोकदल के नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने किया…

चौधरी अभय सिंह चौटाला

चौधरी अभय सिंह चौटाला

(चंडीगढ): पिछले करीब ढाई माह से सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार सतलुज-यमुना सम्पर्क नहर निर्माण कराने की मांग को लेकर समूचे हरियाणा में गिरफ्तारी आंदोलन चला रहे इंडियन नेशनल लोकदल और बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन ने मंगलवार को भिवानी की अनाज मंडी में करीब 38 हजार लोगों की गिरफ्तारी दर्ज करवाते हुए हरियाणा की भाजपा सरकार को चेतावनी दी कि आगामी 17 अगस्त को विधानसभा सत्र के पहले दिन यदि सम्पर्क नहर निर्माण के मुद्दे पर ठोस कदम नहीं उठाया गया तो विधानसभा नहीं चलने दी जायेगी। दूसरे दिन 18अगस्त को ही हरियाणा भर के गांव और शहर बन्द करवाए जायेंगे।


गठबंधन ने ढाई माह के गिरफ्तारी आंदोलन की शुरूआत पिछली एक मई को भिवानी से ही की थी और मंगलवार को भिवानी में ही इसका समापन कर दिया। एसवाईएल सम्पर्क नहर निर्माण के मुद्दे पर आंदोलन को आगे ले जाने का ऐलान गठबंधन की ओर से इंडियन नेशनल लोकदल के नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने किया। उन्होंने ही विधानसभा न चलने देने और हरियाणा बन्द की चेतावनियां भी दी। अभय चौटाला ने ही हजारों लोगों की गिरफ्तारी से पहले लोगों से हाथ खडे करवा कर आगे के आंदोलन के लिए समर्थन लिया। अभय चौटाला ने कहा कि ढाई माह के गिरफ्तारी आंदोलन से हरियाणा की भाजपा सरकार हिल गई है। लेकिन सरकार को हिलाना ही नहीं इस सरकार से सम्पर्क नहर का निर्माण भी करवाना है। इसलिए आंदोलन को आगे जारी रखना है। इसलिए आगामी 17अगस्त को विधानसभा सत्र के पहले दिन सरकार से नहर निर्माण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की जायेगी। यदि सरकार ठोस कदम नहीं उठाती तो विधानसभा ठप करना और हरियाणा बंद के कदम उठाए जायेंगे।

नहर के लिए हर बलिदान देने को तैयार

अभय चौटाला ने थोडे भावुक अंदाज में कहा कि हम सम्पर्क नहर निर्माण के लिए हर बलिदान देने को तैयार है। इस सम्पर्क नहर का निर्माण किए जाने और हरियाणा के हिस्से का नदी जल आने तक हम लडाई जारी रखेंगे। देश और प्रदेश के राजनीतिक हालात पर अभय चौटाला ने कहा कि वर्ष 2014 में लोग देश और प्रदेश में कांग्रेस को हटाकर भाजपा को सत्ता में नहीं लाना चाहते थे लेकिन कोई तीसरा मोर्चा न होने से मजबूरन लोगों ने भाजपा को सत्ता सौंप दी। अब लोग ठगा महसूस कर रहे है। भाजपा की सरकारों ने देश व प्रदेश में कोई चुनावी वायदा पूरा नहीं किया। इसके विपरीत चुनावी वायदों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए केन्द्र व प्रदेश की सरकारें नए-नए आयोजन करती रही है।


पूर्व सीएम बंशीलाल को ठहराया दोषी

अभय चौटाला ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बंशीलाल को उनकी धरती भिवानी में अब तक एसवाईएल का निर्माण न हो पाने के लिए दोषी ठहराया। चौटाला ने कहा कि जब 1966 में पंजाब का विभाजन कर अलग हरियाणा का निर्माण किया गया तो उसी समय धरती बटने के साथ पानी भी बट गया था। फिर बंशीलाल ने 1968 में मुख्यमंत्री पद पर आने के बाद सम्पर्क नहर निर्माण के लिए कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा इसके बाद नहर निर्माण के लिए सबसे पहले कोई पहल की गई तो वो चौधरी देवीलाल के मुख्यमंत्री बनने पर की गई। देवीलाल ने मुख्यमंत्री बनने पर पंजाब को एक करोड रूपए देकर नहर निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण शुरू करवाया और फिर मामले को 1987 में वे ही मुख्यमंत्री पद पर रहते सुप्रीम कोर्ट ले गए। इसके विपरीत कांग्रेस के नेता कहते हैं कि सम्पर्क नहर न बन पाने के पीछे देवीलाल और प्रकाश सिंह बादल की दोस्ती जिम्मेदार है।

 

उन्होंने कहा कि इनेलो-बसपा गठबंधन सम्पर्क नहर निर्माण के लिए आंदोलन तो करेगा ही लेकिन गठबंधन की सरकार बनने पर नहर का निर्माण कर पानी लाया जाएगा। चैटाला का संबोधन समाप्त होने के बाद एसडीएम ने 37810 लोगों को गिरफ्तार करने व असुविधा का ध्यान रखते हुए सभी को निजी मुचलके पर रिहा करने का ऐलान सभा के मंच से ही किया। इससे पहले हिसार से इनेलो के सांसद दुष्यंत चौटाला,इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोडा और बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश भारती ने भी सभा को संबोधित किया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो