भिवानी

जेजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का विस्तार, पूर्व मंत्री हर्ष कुमार और पूर्ण सिंह डाबड़ा समेत 17 नेता शामिल

राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विस्तार के साथ ही जेजेपी ( Jannayak Janata Party ) ने अपने दो महत्वपूर्ण प्रकोष्ठों में नए प्रदेश अध्यक्ष भी नियुक्त किए हैं…

भिवानीJun 20, 2019 / 09:08 pm

Prateek

जेजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का विस्तार, पूर्व मंत्री हर्ष कुमार और पूर्ण सिंह डाबड़ा समेत 17 नेता शामिल

(चंडीगढ़,भिवानी): जननायक जनता पार्टी ( Jannayak Janata Party ) ने अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए 6 वरिष्ठ पदाधिकारी और 11 सदस्यों को शामिल किया है। साथ ही कई पदेन सदस्यों की भी सूची जारी की है। पार्टी ने दो महत्वपूर्ण प्रकोष्ठों में नए प्रदेश अध्यक्ष भी बनाए हैं। पार्टी संस्थापक डॉ अजय सिंह चौटाला से विचार-विमर्श के बाद किए गए इस विस्तार के बारे में पार्टी के प्रधान महासचिव डॉ केसी बांगड़ ने बताया कि उत्तरप्रदेश के लोकदल के वरिष्ठ नेता चौधरी महेंद्र सिंह को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष बनाया गया है। वे चौधरी देवीलाल के संघर्ष के साथी रहे हैं और लंबे समय से किसान राजनीति में सक्रिय हैं। साथ ही पूर्व मंत्री चौधरी हर्ष कुमार, वरिष्ठ नेता पूर्ण सिंह डाबड़ा और महमूद खान को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महासचिव बनाया गया है। महमूद खान ने हाल ही में जेजेपी की टिकट पर गुड़गांव से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। इनके साथ ही विजय प्रकाश और उमेद कश्यप को सचिव पद दिया गया है। चौधरी हर्ष कुमार 1996 में चौधरी बंसीलाल सरकार में सिंचाई मंत्री रहे थे। पूर्ण सिंह डाबड़ा साल 2000 में इनेलो की टिकट पर विधायक बने थे।

 

 

इन्हें किया गया है शामिल

जेजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 11 नए सदस्य बनाए गए हैं जिनमें शशिबाला तेवतिया, बचन सिंह माजरी, गुरविंदर सिंह तेजली, पूर्व चेयरमैन मायाराम रोड, रामचंद्र कोटिया, पूर्व वाइस चांसलर अभय सिंह मौर्य, कुलजीत कुल्हड़िया, कांशीराम रावत, राजकुमार सैणी, धर्मबीर सिहाग और पूर्व चेयरमैन दयानंद कुंडू शामिल हैं। इनके अलावा जननायक सेवादल के दो पदाधिकारी और छात्र संगठन इनसो के एक पदाधिकारी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पदेन सदस्य रखा जाएगा। पार्टी के सभी प्रदेश अध्यक्ष और महासचिव भी कार्यकारिणी के पदेन सदस्य होंगे और बैठकों में हिस्सा लेंगे।

 

राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विस्तार के साथ ही जेजेपी ने अपने दो महत्वपूर्ण प्रकोष्ठों में नए प्रदेश अध्यक्ष भी नियुक्त किए हैं। जेजेपी पंचायती राज प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष वरिष्ठ नेता राजेंद्र लितानी को बनाया गया है, जबकि आध्यात्मिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी अनिल दहिया को दी गई है। संगठन विस्तार को लेकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में पंचायती राज, अनुसूचित जाति और टपरीवास प्रकोष्ठों में नए पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी। साथ ही पार्टी के जिला प्रवक्ताओं के नेटवर्क का भी विस्तार होगा। निशान सिंह ने कहा कि पार्टी इस महीने के आखिर तक हर जिले, हर प्रकोष्ठ के संगठन को तैयार कर देगी और उसके साथ ही बूथ स्तर पर पार्टी की मजबूती का काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सबसे सक्रिय और सशक्त संगठन जननायक जनता पार्टी के पास होगा और ऊर्जा से भरे लोगों की यह टीम ही पार्टी को अक्तूबर माह में हरियाणा की सेवा करने का अवसर दिलाएगी।

Home / Bhiwani / जेजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का विस्तार, पूर्व मंत्री हर्ष कुमार और पूर्ण सिंह डाबड़ा समेत 17 नेता शामिल

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.