भिवानी

फसलों के नुकसान के मुआवजा वितरण में हो रही देरी ने हरियाणा सरकार के सिर पर चढाया भार, सरकार पर किसानों का इतना करोड़ रूपया बकाया

पलवल में सबसे कम तो भिवानी में है सर्वाधिक बकाया,फतेहाबाद, महेंद्रगढ़, मेवात व गुरुग्राम में नहीं किसी का बकाया…

भिवानीMar 05, 2019 / 07:41 pm

Prateek

farmer file photo

(चंडीगढ़,भिवानी): एक तरफ हरियाणा सरकार किसानों के लिए फसल बीमा योजना के माध्यम से उन्हें फसलों के नुकसान का मुआवजा प्रदान करने का दावा कर रही है वहीं आज भी हरियाणा सरकार पर किसानों की मुआवजा राशि के रूप में डेढ सौ करोड़ रुपए बकाया हैं। सरकार का दावा है कि तकनीकी खामियों को दूर करके मुआवजा वितरण किया जा रहा है। हरियाणा में पिछले करीब चार साल के दौरान ओलावृष्टि, बेमौसमी बारिश, तूफान में फसलें बर्बाद हुई हैं।


विधानसभा में इनेलो विधायक परमिंदर सिंह ढुल्ल द्वारा यह मुद्दा उठाया गया। ढुल्ल ने वर्ष 2014 से लेकर अब तक सीजन वार वितरित किए गए मुआवजे और लंबित मुआवजा राशि पर रिपोर्ट पेश करने की मांग की थी। जिसके चलते सरकार ने बताया कि अंबाला जिला में पिछले चार वर्षों के भीतर जहां दो करोड़ 73 लाख 99 हजार 572 रुपए की मुआवजा राशि किसानों को बांटी जा चुकी है वहीं 13 करोड़ 77 लाख 41 हजार 926 रुपए बकाया हैं। इसी तरह भिवानी जिला में 53 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपए, दादरी जिला के लिए तीन करोड़ 96 लाख 24 हजार रुपए बकाया हैं। फतेहाबाद, महेंद्रगढ़, मेवात व गुरुग्राम जिला में किसानों का सरकार की तरफ कोई मुआवजा राशि बकाया नहीं है।


यहां देखे किस जिले में कितना बकाया

दूसरी तरफ फरीदाबाद जिला में दो करोड़ 72 लाख, हिसार में 24 करोड़ 23 लाख 14 हजार, जींद जिला में 10 करोड़ 74 लाख 33 हजार, झज्जर जिला में 7 करोड़ 38 लाख 36 हजार, करनाल जिला में 10 लाख एक हजार, कैथल जिला में आठ करोड़ 46 लाख, कुरूक्षेत्र जिला में 95 लाख 58 हजार, पानीपत में सरकार की तरफ किसानों का चार लाख 32 हजार, पलवल में दो लाख सात हजार, रेवाड़ी में दो करोड़ 28 लाख 67 हजार, रोहतक में नौ करोड़ 70 लाख 25 हजार, सिरसा में 47 लाख 76 हजार, सोनीपत में तीन करोड़ 25 लाख 34 हजार तथा यमुनानगर जिला में पांच करोड़ 54 लाख 46 हजार रुपए बकाया है। हरियाणा सरकार पर किसानों की फसलों का कुल 144 करोड़ 94 लाख 20 हजार 980 रुपए बकाया हैं।


प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में किसानों को खरीफ व रबी की फसलों का नुकसान होने पर मुआवजा राशि वितरित की जा रही है। यह निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। वर्तमान सरकार ने सत्ता में आने के बाद अब कुल 2152 करोड़, 66 लाख, 12 हजार 374 रुपए का मुआवजा वितरित किया है। निकट भविष्य में बकाया राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।
कैप्टन अभिमन्यु, राजस्व मंत्री, हरियाणा।

Home / Bhiwani / फसलों के नुकसान के मुआवजा वितरण में हो रही देरी ने हरियाणा सरकार के सिर पर चढाया भार, सरकार पर किसानों का इतना करोड़ रूपया बकाया

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.