भिवानी

परिणीति नहीं हैं बेटी बचाओ अभियान की ब्रांड एम्बेसडर

सरकार का दावा रिन्यू नहीं हुआ एमओयू तो अनुबंध खुद ही समाप्त

भिवानीDec 21, 2019 / 06:52 pm

Chandra Prakash sain

परिणीति

भिवानी/चंडीगढ़. बालीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा के ट्वीट से शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे पर सरकार को घेरे जाने के बाद हरियाणा सरकार ने भी परिणीति चोपड़ा से पल्ला झाड़ते हुए साफ कर दिया है कि वह इस समय हरियाणा में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की ब्रांड एम्बेसडर नहीं हैं। हालांकि सरकार की तरफ से कोई भी प्रतिनिधि इस मुद्दे पर खुलकर नहीं बोल रहा है लेकिन सरकार ने एक लिखित सूचना जारी करके साफ कर दिया है कि पिछले दो वर्षों से चोपड़ा का अभियान के साथ कोई सरोकार नहीं।
इस विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब जामिया के छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में परिणिति ने ट्वीट किया। परिणिति ने इस ट्वीट में कहा था कि ‘जब लोग अपने विचार व्यक्त करते हैं तब ऐसा ही होता है। नागरिकता कानून को भूल जाइए। हमें एक बिल पास करना चाहिए और अपने देश को लोकतंत्र नहीं कहना चाहिए। अपने मन की बात कहने पर निर्दोष लोगों की पिटाई असभ्य तरीका है।’
इस ट्वीट को एक अभिनेत्री के दृष्टिकोण की बजाए हरियाणा की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की ब्रांड एंबेसडर के रूप में देखा गया जो नागरिकता संशोधन बिल के विरोध और प्रदर्शनकारियों के समर्थन में है। कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने जहां इसे बेटियों की प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए सवाल उठाए, वहीं सरकार और भाजपा संगठन ने पलटवार करते हुए कहा कि मई 2016 में परिणिति चोपड़ा के साथ हुआ समझौता ज्ञापन सिर्फ एक साल के लिए था। एमओयू को जब कभी नवीनीकृत नहीं किया गया तो उन्हें हटाने का सवाल कहां उठता है।
महिला एवं बाल कल्याण विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि मामले में कांग्रेस राजनीति कर रही है। तथ्यों के सत्यापन के बिना कोई भी बात कहने से सभी को बचना चाहिए। प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाओं के जरिये महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा दे रही है, जबकि राजनीतिक रूप से प्रेरित झूठे बयान इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम को चोट पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि परिणिति के साथ प्रदेश सरकार का एमओयू अप्रैल 2017 तक था। इसके पश्चात एमओयू को कभी रिन्यू नहीं किया गया।
विरोध करने वाले अनिल विज ने किया बचाव
हरियाणा में वर्ष 2016 के दौरान विदेश दौरे पर गए मुख्यमंत्री मनोहर ने कैबिनेट को विश्वास में लिए बगैर ही परिणीति चोपड़ा को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का बं्राड एम्बेसडर घोषित कर दिया था। जिसका तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज समेत कई नेताओं ने विरोध किया था। अब बदले हुए हालातों में ताजा विवाद के बाद अनिल विज ने कहा कि परिणीति चोपड़ा उनके शहर की बेटी हैं। उन्हें कैग के बारे में पूरी जानकारी नहीं थी। जिसके चलते उन्होंने यह ट्वीट कर दिया। परिणीति को इस बारे में समझने की जरूरत है।

हरियाणा की अन्य खबरों के लिए क्लिक करें

Home / Bhiwani / परिणीति नहीं हैं बेटी बचाओ अभियान की ब्रांड एम्बेसडर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.