भोपाल

भोपाल, इंदौर सहित बड़े शहरों में 24 घंटे सिटी बस सेवा

परिवहन विभाग और नगर निगम के सहयोग से रात में सिटी बस चलाने की तैयारी

भोपालJun 30, 2019 / 08:09 am

दीपेश अवस्थी

Officers inspected for bus stops

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल ( Bhopal ) सहित ( Indore ) इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में 24 घंटे सिटी बस ( city bus ) सेवा मिलेगी। इसके लिए राज्य सरकार तैयारी कर रही है।

(Transport) परिवहन विभाग और नगर निगम के सहयोग से अब रात में सिटी बस चलाने की तैयारी की जा रही है। इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री की हरीझंडी का इंतजार है। शहर के वाशिंदों के लिए यह नई सौगात होगी। बड़े शहरों में रात्रिकालीन सिटी बस सेवा शुरू करने का बिन्दु कांग्रेस के वचन पत्र शामिल है।

इस वचन को पूरा करने के लिए प्रारंभिक तौर पर जुटाई गई जानकारी के तहत आमजन रात में भी परिवहन सेवा चाहते हैं, लेकिन उन्हें सुरक्षा की चिंता है। वे रात में अधिक असुरक्षित महसूस करते हैं। वे चाहते हैं कि रात में सिटी बस शुरू हो तो सुरक्षा के इंतजाम भी पुख्ता हों। खासकर बस स्टॉप शहर के मार्गो पर इसके पुख्ता इंतजाम हों। इसी दिशा में सरकार ने काम शुरू किया है।

 

निजी बस ऑपरेटरों से भी चर्चा –

शहरी क्षेत्रों में नगर निगम की कंपनी सिटी बस का संचालन करती है। निजी ऑपरेटरों को भी परिमिट दिए गए हैं। रात में बसों का संचालन भी इनके जिम्मे होगा। इसके लिए निजी बस ऑपरेटरों से भी प्रारंभिक चर्चा हो चुकी है।


एक्सट्रा चार्ज से मिलेगी मुक्ति –

वर्तमान में लोगों को सुबह ६ बजे से रात १० तक सिटी बस उपलब्ध होती है, इसके बाद यह सुविधा नहीं है। रात में भी बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। मजबूरी में लोग सिर्फ आटो रिक्शा, टैक्सी इत्यादि पर ही निर्भर है। कई बार ये साधन भी नहीं मिलते। लोगों की यह शिकायतें भी आम हैं कि रात में कई बार आटो रिक्शा यात्रियों से दो गुना चार्ज वसूलते हैं।

मजबूरी में यह अघोषित रात्रिकालीन चार्ज लोगों को देना होता है। रात में सिटी बस सेवा शुरू होने से एक्सट्रा चार्ज से मुक्ति मिल जाएगी। रात की यात्रा भी सुरक्षित होगी। मालूम हो भोपाल में औसतन 10 हजार लोग रात में आवाजाही करते हैं जबकि इंदौर में यह संख्या करीब 8 हजार है।

 

मंत्री बोले –

लोगों को सुरक्षित परिवहन मिल सके इस पर परिवहन विभाग गंभीरता से काम कर रहा है। रात्रिकालीन बस सेवा शुरू किए जाने का वादा हमारे वचन पत्र में भी है। प्रस्ताव तैयार हो रहा है जल्द ही इसे लागू किया जाएगा।
– गोविंद राजपूत, परिवहन मंत्री
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.