भोपाल

न बैंड बजे न कोई खर्च और हो गए आठ हजार निकाह

– आलमी तब्लीगी इज्तिमा- धार्मिक समागम का एक रूप ये भी, फिजूल खर्ची और दहेज को रोकने की गई पहल
 

भोपालOct 23, 2018 / 11:53 am

शकील खान

न बैंड बजे न कोई खर्च और हो गए आठ हजार निकाह

भोपाल। आलमी तब्लीगी इज्तिमा की पहचान 70 सालों से धार्मिक समागम के रूप में है इसके साथ ही यहां सामाजिक बदलाव की एक और पहल हुई। ये पहल शादियों में होने वाली फिजूल खर्ची और दहेज को रोकने के लिए थी। ईटखेड़ी में 2003 से अब तक करीब आठ हजार इज्तिमाई निकाह हुए वह भी बिना किसी खर्च। सामान्य तौर पर इन शादियों में लाखों रुपए फूंक दिए जाते।

आलमी तब्लीगी इज्तिमा का 71वां आयोजन 23 नवम्बर से होगा। ईटखेड़ी में इस आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। दस लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना है। दीनी तकरीर और सीख के साथ सालों पहले यहां से इज्तिमाई निकाह की शुरुआत की गई। ये सिलसिला वर्षों से चला आ रहा है।

इसके पीछे मुख्य उद्देश्य शादी ब्याह में फिजूल खर्ची और दहेज को रोकना था। आयोजन ईटखेड़ी में शिफ्ट होने के बाद करीब पांच सौ निकाह यहां से हो रहे हैं। कई मुस्लिम परिवार इज्तिमागाह से निकाह पढ़ाना पसंद कर रहे हैं। लोगों ने बताया हजारों लोगों की दुआएं तो मिलती ही हैं साथ ही एक बदलाव भी आ रहा है। इज्तिमाह से निकाह के लिए कई परिवार रजिस्ट्रेशन कराने लगे हैं।

 

पहले दिन सामूहिक निकाह, काजियात में रजिस्ट्रेशन….

इज्तिमा कमेटी प्रवक्ता अतीक उल इस्लाम ने बताया कि इज्तिमा इस बार चार दिन का है। इसके पहले ही दिन सामूहिक निकाह होंगे। इसके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया मसाजिद कमेटी स्थित काजियात में चल रही है। इज्तिमा से जो भी निकाह होंगे उनके परिवारों को पहले से विधिवत काजियात में रजिस्ट्रेशन कराना होगा। फिर रजिस्ट्रेशन की सूचना तब्लीगी मरकज मस्जिद शकूर खाँ में देना है। इन्होंने बताया इज्तिमागाह से सामूहिक निकाह का सिलसिला तब से है जब से ताजुल मसाजिद में ये आयोजन होता था।
300 एकड़ में पार्किंग तो 70 एकड़ में पंडाल….

इज्तिमा प्रबंधन कमेटी पदाधिकारियों के मुताबिक आनी वाली जमातों की बैठक व्यवस्था करीब 70 एकड़ में रहेगी। इसमें पंडाल लगाया जाएगा।
वहीं वाहनों की सिलसिलेवार पार्किंग बनेगी। ये पंडाल के चारों ओर करीब 300 एकड़ में की जाएगी।

इस बार ये दो बड़े बदलाव….

आलमी तब्लीगी इज्तिमा में इस बार दो बड़े बदलाव हुए हैं। इज्तिमा चार दिन का होगा। हर साल ये आयोजन तीन दिन का होता है। वहीं दूसरी ओर इंतजाम के मद्देनजर इज्तिमागाह के चारों ओर इस बार धारा 144 लागू रहेगी। इस परिधि में अस्थाई बाजार और कारोबार पर पाबंदी होगी। पिछले वर्ष इज्तिमा केे आसपास कई अस्थाई बाजार लग गए थे जिस कारण आवाजाही में खासी परेशानी हुई थी। इसी के मद्देनजर अभी से इस पर रोक लगाई जा रही है।

Home / Bhopal / न बैंड बजे न कोई खर्च और हो गए आठ हजार निकाह

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.