पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोविंदपुरा के अन्ना नगर क्षेत्र की रहने वाली 24 वर्षीय कविता दुबे गृहणी थी। मृतक के पति सतीश दुबे किसी निजी बैंक में काम करते थे। दोनों कि 3 साल पहले ही शादी हुई थी। उनका डेढ़ साल का एक बच्चा भी है। 25 जुलाई को कविता अपने घर में रखा टॉयलेट क्लीनर पी लिया था, जिसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उसे भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया जहां रविवार को उसकी मौत हो गई।
परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक कविता और सतीश शादी से पहले एक दूसरे को जानते थे। वह आपस में रिश्तेदार थे। दोनों के परिजनों को भी रिश्ता मंजूर था जिसके बाद दोनों की शादी कर दी गई। शादी के बाद वैवाहिक जीवन अच्छे से व्यतीत हो रहा था, उनके बीच किसी भी तरीके की कोई नोकझोंक का कभी कोई मामला सामने नहीं आया था। हालांकि अचानक दोनों के बीच में ऐसा क्या हो गया जिसके कारण कविता ने यह कदम उठाया, इस बात की जानकारी के लिए पुलिस सतीश और कविता के परिजनों से पूछताछ कर रही है।
25 जुलाई को घटना के बाद मृतक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मगर हालत में सुधार होने की जगह समय के साथ साथ उसकी हालत बिगड़ती जा रही थी, जिसे देखते हुए डॉक्टरों की सलाह पर उसे एम्स में भर्ती कराया गया था। मगर उसकी हालत में किसी भी प्रकार का सुधार नहीं हो पाया जिसके वजह से रविवार को कविता की मौत हो गई। मौत के बाद पुलिस द्वारा शव का पंचनामा करने के बाद एम्स में ही दोनों परिवारों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।