भोपाल

खुद के सर्वे में भी बीजेपी से पिछड़ रही है कांग्रेस, मध्यप्रदेश में मिल रही हैं इतनी सीटें

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा, कांग्रेस अपने सर्वे में भी बीजेपी से पिछड़ रही है

भोपालMay 22, 2019 / 03:42 pm

Pawan Tiwari

भोपाल. अभी तक जो एग्जिट पोल आए हैं, वो सारे के सारे एनडीए के पक्ष में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कांग्रेस के इंटरनल सर्वे में भी यह बात सामने आई है कि यूपीए इस चुनाव में एनडीए से पीछे है।
 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कांग्रेस के आंतरिक सर्वे में यह बात आई है कि बीजेपी 200 से नीचे और एनडीए 230 सीटों पर रुक जाएगा। जबकि कांग्रेस अकेले 140 सीटें और यूपीए 195 से अधिक सीट जीत सकती है। कांग्रेस को उम्मीद है कि पार्टी केरल, पंजाब और तमिलनाडु में अच्छा प्रदर्शन कर सकती है।
 

कांग्रेस के सर्वे के अऩुसार मध्यप्रदेश में पार्टी को 8-10 सीटें मिल सकती हैं। मध्यप्रदेश में कुल लोकसभा की 29 सीटें हैं, इसमें से 26 सीटें बीजेपी और 3 सीटें कांग्रेस के पास हैं। वहीं, अन्य एग्जिट पोल में मध्यप्रदेश में कांग्रेस को 2-3 सीटें मिलती हुईं दिखाई दे रही हैं। ऐसे में कांग्रेस के अपने सर्वे में भी बहुत अच्छी स्थिति नहीं है।
 

हालांकि कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता इन चीजों को खारिज करते रहे हैं। कांग्रेस के तमाम नेता यह दावा कर रहे हैं, हम जीत रहे हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस के नेता भी 17-18 सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं। वहीं एग्जिट पोल के बाद से जो ईवीएम को लेकर हाहाकार मचा हुआ है, उस पर भी विपक्ष को चुनाव आयोग से झटका लगा है।
 

वहीं, राहुल गांधी एग्जिट पोल के बाद से जो हलचल शुरू हुई, उसके बाद उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि कांग्रेस पार्टी के प्रिय कार्यकर्ताओं, अगले 24 घंटे महत्वपूर्ण हैं। सतर्क और चौकन्ना रहें। डरे नहीं। आप सत्य के लिए लड़ रहे हैं। फर्जी एग्जिट पोल के दुष्प्रचार से निराश न हो। खुद पर और कांग्रेस पार्टी पर विश्वास रखें, आपकी मेहनत बेकार नहीं जाएगी।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.