जुलाई में ही पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 2850 रजिस्ट्री अधिक हुई हैं। इस माह में 10360 रजिस्ट्री हुई हैं, जो कोरोना से पूर्व का आंकड़ा हुआ करता था। रजिस्ट्री की बढ़ी हुई संख्या बता रही है कि प्रॉपर्टी का बाजार फिर से गुलजार हो गया है। कुछ माह पूर्व नए शहर के हिस्से में रजिस्ट्री हो रहीं थीं, लेकिन जून और जुलाई माह में लगभग सभी स्थानों पर प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त देखी जा रही है।
दरअसल, कोरोना के बाद लोगों में जो भय का माहौल था वह वैक्सीनेशन के बाद पूरी तरह से खत्म हो चुका है। इसी का असर है कि जो सौदे पूर्व में रुके थे वे फिर से शुरू हो गए हैं। नीलबड़, रातीबड़ में जो बड़े प्रोजेक्ट रुके हुए थे उनमें फिर से काम शुरू हो गया है। यही नहीं इस बार खेती के लिए फार्म हाउस की जमीनों की रजिस्ट्री भी बढ़ी है। जानकारों की मानें तो इस बार आने वाले हर त्यौहार पर प्रॉपर्टी बाजार में बूम देखने को मिलेगा।
वर्ष : 2021 : 2022
जून : 6629 : 7750
जुलाई : 7510 : 10360
इस बार मार्च माह में हुई रिकॉर्ड रजिस्ट्री
पंजीयन विभाग के अनुसार वर्ष 2022 की शुरुआत से ही मार्केट ने रफ्तार पकड़ी हुई है। मार्च 2022 में ही रिकॉर्ड 13 हजार रजिस्ट्री दर्ज की गईं, जबकि पिछले साल 9 हजार 600 रजिस्ट्री हुई थीं। इस साल में हुई रिकॉर्ड रजिस्ट्री से विभाग को 120 करोड़ की आय हुई थी। ये आंकड़ा मार्च माह का था। इसके बाद से लगातार अच्छे सौदे हो रहे हैं।
538 लोकेशन पर रेट बढ़े फिर भी जमकर हो रही खरीद फरोख्त: वर्ष 2022-23 की कलेक्टर गाइडलाइन में ही 538 लोकेशनों पर 5 से 20% रेट बढ़ाए गए हैं। इसमें से 408 लोकेशनों पर 10% रेट बढ़ाए गए हैं। बाकी पर 15% की बढ़त हुई। इसके बाद भी वर्ष 2022 में प्रॉपर्टी के अच्छे सौदे सामने आ रहे हैं।