भोपाल

चार दिन दूर आलमी तब्लीगी इज्तिमा, 10 लाख लोगों का इंतजाम

– 22 नवम्बर से आलमी तब्लीगी इज्तिमा , तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मंत्री…

भोपालNov 17, 2019 / 03:38 pm

शकील खान

चार दिन दूर आलमी तब्लीगी इज्तिमा, 10 लाख लोगों का इंतजाम

भोपाल। राजधानी के ईटखेड़ी में होने जा रहे आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। इसका जायजा लेने के लिए धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री पीसी शर्मा, सभी विभागों के अधिकारी पहुंचे। इनसे पहले शहर काजी सैय्यद मुश्ताक अली नदवी सहित कई लोग पहुंचे। इज्तिमा की इंतेजामिया कमेटी के मुताबिक इसमें शिरकत करने करीब 10 लाख लोग पहुंचेंगे।
इज्तिमा की तैयारियों में इंतेजामिया कमेटी के साथ कई सरकारी विभाग भी जुटे हैं। शनिवार दोपहर तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मंत्री पीसी शर्मा ने इंतजामों का जायजा लेने के साथ अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से ईंटखेड़ी इज्तिमा स्थल आने-जाने की लोकल परिवहन व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग और सुरक्षा के सभी इंतजाम सुनिश्चित किये जाएं। श्रद्धालुओं के ठहरने सहित अन्य व्यवस्थाओं को भी समय पर पूरा कराया जाए। निरीक्षण के दौरान इज्तिमा आयोजन कमेटी के पदाधिकारी, आयुक्त नगर निगम विजय दत्ता सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
शहर काजी भी पहुंचे जायजा लेने

शहर काजी सैय्यद मुश्ताक अली नदवी भी इज्तिमा स्थल ईटखेड़ी पहुंचे। दोपहर में इन्होंने इंतजाम का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इज्तिमा का मुख्य उद्देश्य लोगों को भलाई के रास्ते पर चलने की शिक्षा देना है। पिछले 7 दशक से ये सिलसिला चल रहा है।
बुराइयों से लोगों को बचाने और भलाई के काम करने के लिए यहां कई उलेमा की तकरीर होगी। इज्तिमा आयोजन कमेटी के अतीक उल इस्लाम ने बताया कि यहां आने वाले लोगों को ठहरने के इंतजाम से लेकर पार्किंग व्यवस्था की तैयारियां लगभग पूरी हो गई। इसमें सभी विभागों का सहयोग मिल रहा है।
चार दिन रहेगा आयोजन, पहले दिन होंगे इज्तिमाई निकाह

आलमी तब्लीगी इज्तिमा का आगाज 22 नवम्बर को सुबह फजिर की नमाज के साथ होगा। इसके बाद उलेमा के बयान और तकरीर होगी। चार दिन के इस आयोजन में इसी दिन इज्तिमाई निकाह होंगे। शादियों में फिजूलखर्ची पर रोक लगाने के लिए ये परंपरा शुरू हुई थी। पिछले कई सालों में यहां हजारों निकाह हो चुके हैं। 25 नवम्बर को सामूहिक दुआ के साथ इसका समापन होगा।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.