scriptहक के लिए नीलम पार्क पर जमीं आशा कार्यकर्ताएं, मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन…. | asha worker's has started there protest aginst govt for need | Patrika News

हक के लिए नीलम पार्क पर जमीं आशा कार्यकर्ताएं, मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन….

locationभोपालPublished: Mar 16, 2018 10:57:16 pm

आशा कार्यकर्ताओं का प्रदेश में ऐसा हाल है कि…..

asha worker

भोपाल। मैं पिछले कई सालों से आशा कार्यकर्ता के रूप में गांव-गांव जाकर अपनी सेवाएं दे रही हूं, लेकिन इसके बदले सरकार मुझे प्रतिमाह मात्र एक हजार रुपए दे रही है।
यह बात नीलम पार्क में अपने एक साल के दुधमुंहे बच्चे को लेकर पहुंची संगीता राठौर ने कही। गौरतलब है कि अपनी मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ता संगठन ने शुक्रवार से नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया है।

सुबह 11 बजे से शुरू हुए धरना-प्रदर्शन में दोपहर होते-होते हजारों की तादाद में प्रदर्शनकारी इकट्ठ हो गए। मप्र आशा उषा सहयोगिनी कार्यकर्ता संगठन की प्रदेश अध्यक्ष विभा श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदर्शन में मप्र के 51 जिलों से आशा कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल होने पहुंची थीं।

यह संख्या समय के साथ और बढ़ती जाएंगी। मुख्य मांगों के बारे में उन्होंने बताया कि एक आशा सहयोगी को 15 हजार और आशा कार्यकर्ता को 10 हजार रुपए वेतन फिक्स किया जाए और सभी आशा और सहयोगी को सरकारी कर्मचारी बनाया जाए।
घर में अन्य कोई बच्चे की देखभाल नहीं कर सकता था और छोटा बच्चा अपनी मां के बिना नहीं रह सकता, इसलिए मैं अपने दो साल के बच्चे को प्रदर्शन में साथ लेकर आई हूं।
-गीता भार्गव, देवास

बीयू कर्मचारियों का दसवें दिन भी कार्य बहिष्कार

बरकतउल्ला विवि कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार आंदोलन 10वें दिन भी जारी रहा। बीयू कर्मचारियों ने आंदोलन के दौरान दोपहर 12 बजे सत्य भवन से एक रैली भी निकाली। इसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष कर्मचारियों के साथ-साथ मध्यप्रदेश भोज विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. तारिख जफर भी शामिल हुए।

इधर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर में सुंदरकांड का पाठ किया गया। रीवा विश्वविद्यालय में कर्मचारियों ने कार्यपरिषद का घेराव किया तथा सदस्यों को पत्र सौंपा। प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालयों में भी कार्य का बहिष्कार कर्मचारियों ने किया।
इस प्रदर्शन के दौरान रीवा विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बुद्धसेन पटेल, प्रांतीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह इंदर कुमार पुरोहा, बीयू भोपाल कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुधीर ठाकरे, मो. लईक कुरैशी, बृजेश शर्मा आदि भी शामिल रहे।

ट्रेंडिंग वीडियो