जय भवानी, जय शिवाजी, महिलाएं और युवतियां भी पगड़ी बांधकर हुई शौर्य वाहन रैली में शामिल
भोपालPublished: Feb 20, 2023 12:09:20 am
भोपाल. छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती रविवार को श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस मौके पर शहर में पांच से अधिक संगठनों की ओर से शौर्य यात्राएं निकाली गईं। पुराने शहर में निकाली गई शौर्य वाहन रैली में महिलाएं और युवतियां भी पगड़ी बांधकर जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुईं। शहर के शिवाजी नगर चौराहे पर अनेक संगठन रैली लेकर पहुंचे और छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके शौर्य को याद किया। इसी प्रकार भवानी चौक सोमवारा पर भी माल्यार्पण कार्यक्रम हुआ।


जय भवानी, जय शिवाजी, महिलाएं और युवतियां भी पगड़ी बांधकर हुई शौर्य वाहन रैली में शामिल
महिलाओं, युवतियों ने किया शौर्य का प्रदर्शन
छत्रपति शिवाजी महाराज सेवा कल्याण समिति की ओर से शौर्य वाहन रैली निकाली गई। इस रैली में बड़ी संख्या में केसरिया पगड़ी बांधकर महिलाएं, युवतियां भी शामिल हुईं, जो जगह-जगह शौर्य का प्रदर्शन कर रही थीं। यह वाहन रैली धर्मकांटा स्थित विश्व हिन्दू परिषद कार्यालय से प्रारंभ हुई। इसमें अनेक दोपहिया और चार पहिया वाहन शामिल थे। वाहन रैली कबाड़खाना, इब्राहिमगंज, हमीदिया रोड, घोड़ानिक्कास, जुमेराती, लोहा बाजार, चौक, लखेरापुरा होते हुए भवानी चौक सोमवारा पहुंची। समिति के दिनेश भोसले ने बताया कि रैली में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा, धर्म ध्वजा, बैंड, ढोल, तासे आदि शामिल थे। अनेक स्थानों पर स्वागत सत्कार किया गया।