scriptहवा के असर से सर्दी का अहसास बरकरार, 15 दिसंबर के बाद तेजी से लुढ़केगा पारा | bhopal weather forecast today | Patrika News
भोपाल

हवा के असर से सर्दी का अहसास बरकरार, 15 दिसंबर के बाद तेजी से लुढ़केगा पारा

पांच दिन बाद थमा तापमान में गिरावट का दौर, फिर ढाई डिग्री बढ़ गया न्यूनतम तापमान

भोपालDec 08, 2019 / 01:37 am

प्रवीण सावरकर

bhopal weather forecast today

हवा के असर से सर्दी का अहसास बरकरार, 15 दिसंबर के बाद तेजी से लुढ़केगा पारा

भोपाल. राजधानी भोपाल में पिछले तीन-चार दिन से सर्दी का दौर शुरू हो गया है। पांच दिनों से लगातार न्यूनतम तापमान में एक-एक डिग्री की गिरावट आ रही थी और गुरुवार की रात तापमान 11.8 डिग्री तक पहुंच गया था। यह सामान्य से कम था, लेकिन शनिवार को एक बार फिर न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री का इजाफा हुआ और फिर तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक चला गया, जिसके कारण सर्दी का सिलसिला थोड़ा कम हो गया है।

पिछले दो दिनों से लगातार आंशिक बादलों के कारण इस तरह की स्थिति बनी है। राजधानी में शनिवार को सुबह भी आंशिक बादल छाए रहे। दिन में हवा के रूख के कारण दिन में भी सर्दी का अहसास हुआ। स्थिति यह रही कि दिन में भी लोग गर्म कपड़े पहने नजर आए। शनिवार को अधिकतम तापमान 24.8 और न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 24.1 और न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक है।

चार महानगरों में दिन में सबसे कम रहा भोपाल का तापमान
न्यूनतम तापमान में भले ही बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन पिछले दो तीन दिनों से दिन में सर्द हवाओं के कारण लोगों को दिन में भी ठंडक का अहसास हो रहा है। शनिवार को चार महानगरों में भोपाल का तापमान सबसे कम रहा। भोपाल में जहां अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर में 25.2, जबलपुर में 25.8 और ग्वालियर में 25 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।

आज से फिर हो सकती है गिरावट
मौसम विज्ञानी जेपी विश्वकर्मा ने बताया कि पिछले दो तीन दिनों से अरब सागर से नमी आ रही है, जिसके कारण हल्के बादलों की स्थिति बनी है। अब यह नमी कम हो गई है, इसलिए रविवार से मौसम साफ रहेगा। इसके कारण रविवार से तापमान में हल्की गिरावट का दौर शुरू हो सकता है। उत्तर की ओर से सर्दी बढ़ेगी। इसके बाद 11, 12 दिसम्बर को एक पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इसके कारण प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर बारिश की स्थिति बन सकती है। इसके बाद तापमान में तेजी से गिरावट होने की उम्मीद है।

Home / Bhopal / हवा के असर से सर्दी का अहसास बरकरार, 15 दिसंबर के बाद तेजी से लुढ़केगा पारा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो