राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भोपाल में भाजपा विधायक-सांसद और प्रदेश पदाधिकारियों सहित पार्टी के सभी मोर्चा तथा प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की बैठक में भाजपा के सभी जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों को भी बुलाया गया है। पार्टी लाल परेड मैदान में लगभग दो हजार पार्टी नेताओं की मौजूदगी में राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम कराने की तैयारी कर रही है।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने इस संबंध में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का अगले माह दौरा प्रस्तावित है। वे एमपी में 3 दिन रहेंगे. शर्मा के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एक जून को भोपाल आएंगे और यहां बैठक लेंगे. इसके बाद वे दो जून को जबलपुर चले जाएंगे। वहां से तीन जून को नड्डा वापस लौट जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार अपने मप्र प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों की नब्ज टटोलेंगे। वे पार्टी के विधायकों की अलग से भी बैठक लेंगे। इसमें वे भाजपा द्वारा कराए गए आंतरिक सर्वे में परफारमेंस में पीछे चल रहे विधायकों को भी अलर्ट कर सकते हैं।