scriptElection 2018 : आखिरी दौर में टिकटों पर घमासान, दावेदार लगा रहे ऐड़ी-चोटी का जोर | bjp vs congress mp election 2018 updates | Patrika News

Election 2018 : आखिरी दौर में टिकटों पर घमासान, दावेदार लगा रहे ऐड़ी-चोटी का जोर

locationभोपालPublished: Oct 22, 2018 09:01:50 am

Submitted by:

KRISHNAKANT SHUKLA

Election 2018 : आखिरी दौर में टिकटों पर घमासान, दावेदार लगा रहे ऐड़ी-चोटी का जोर, भोपाल से दिल्ली तक लगाई दौड़

election

Election 2018 : आखिरी दौर में टिकटों पर घमासान, दावेदार लगा रहे ऐड़ी-चोटी का जोर

 

भोपाल. विधानसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू होने में सिर्फ 11 दिन शेष हैं। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस में टिकट के दावेदार ऐड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। भाजपा में जिलों की रायशुमारी के बाद दावेदारों ने भोपाल में डेरा डाल लिया है। कांग्रेस में सोमवार से दिल्ली में होने वाली स्क्रीनिंग कमेटी की बैठकों पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

दोनों पार्टियों में सर्वे और रायशुमारी पर नेताओं की पसंद हावी होती दिख रही है। कांग्रेस केन्द्रीय चुनाव समिति 26 और भाजपा केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक 28 को होना प्रस्तावित है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि अक्टूबर के अंत तक दोनों पार्टियां अपनी पहली सूची जारी कर सकती हैं।

भा जपा के टिकट के दावेदारों का असंतोष जिलों में रायशुमारी के बाद भी बढ़ता दिख रहा है। टिकट के दावेदारों को सबसे ज्यादा उम्मीद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से है। वे उनको अपना बायोडाटा थमा रहे हैं। दावेदार रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में शिवराज को घेरे नजर आए। कई दावेदारों ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह और संगठन महामंत्री सुहास भगत को भी घेर लिया।

वहीं, नरेंद्र सिंह तोमर के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित बंगले पर ग्वालियर-चंबल के दावेदारों का जमावड़ा रहा। भाजपा उपाध्यक्ष प्रभात झा को गुना-शिवपुरी और कैलाश विजयवर्गीय को मालवा के नेता इंदौर से लेकर भोपाल में भी घेर रहे हैं। भाजपा की भोपाल में 25-26 अक्टूबर को बैठक हो सकती है।

हर सीट पर 6 से ज्यादा दावेदार

भाजपा में ज्यादातर सीटों पर आधा दर्जन दावेदार तो हैं ही। सबसे ज्यादा संघर्ष गोविंदपुरा, भोपाल मध्य, हुज़ूर, राउ, ग्वालियर दक्षिण, ग्वालियर पूर्व, इंदौर-3, जबलपुर पश्चिम, मुरैना, मेहगांव, राजनगर, होशंगाबाद और जावरा सीट पर है।

भाजपा : रायशुमारी के बाद भी दावेदारों का भोपाल में डेरा

ऐसे सामने आ रहे दावेदार

पूर्व वित्त मंत्री राघवजी ने अपनी बेटी ज्योति शाह के लिए विदिशा या शमशाबाद से टिकट मांगा। बैरसिया विधायक विष्णु खत्री का टिकट काटने की मांग को लेकर रविवार को पूर्व विधायक ब्रह्मानंद रत्नाकर और रामप्रकाश सहित कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय में नारेबाजी की। हुजूर से मस्तान मारण के समर्थकों ने रामेश्वर शर्मा का टिकट काटकर मारण को देने की मांग की।

कांग्रेस: स्क्रीनिंग कमेटी की बैठकें दिल्ली में आज से

स र्वे को सर्वोपरि रखने के कांग्रेस के दावे धराशाही हो गए हैं। अपने पसंदीदा दावेदार को टिकट दिलाने के लिए बड़े नेताओं में घमासान मचा है। दिल्ली में सोमवार से स्क्रीनिंग कमेटी की तीन दिवसीय बैठकों में ऐसी 60 सीटों पर एक राय बनाने की कोशिश होगी। इनमें मौजूदा विधायकों की करीब 14 सीटें शामिल हैं।

इनमें विक्रम सिंह नातीराजा, दिनेश अहिरवार, सरस्वती सिंह, शंकुतला खटीक, गोवर्धन उपाध्याय, रमेश पटेल, संजय उइके, सुखेंद्र सिंह बन्ना, रामपाल सिंह, फुंदेलाल मार्को सहित अन्य शामिल हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया, समन्वय समिति अध्यक्ष दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, सुरेश पचौरी और सत्यव्रत चतुर्वेदी पांच दर्जन सीटों पर एकराय नहीं हैं। हालांकि, पचौरी, चतुर्वेदी और दिग्विजय की टिकट वितरण में सीधी भूमिका भी नहीं है,

लेकिन इनकी राय को दरकिनार नहीं किया जा सकता। चतुर्वेदी अपने बेटे नितिन को राजनगर से टिकट दिलाने के लिए अड़े हैं, जबकि मौजूदा विधायक विक्रम सिंह नातीराजा भी दावेदार हैं। कमलनाथ के सर्वे में भी इनका नाम आया है। पार्टी पूर्व सांसद सज्जन सिंह वर्मा, प्रेमचंद गुड्डू, मीनाक्षी नटराजन, विजय लक्ष्मी साधौ और अरुण यादव को भी टिकट देने पर विचार कर रही है।

राजनीतिक आकाओं के यहां दस्तक

कांग्रेस के टिकट दावेदार सिंधिया से ग्वालियर, दिग्विजय और कमलनाथ से भोपाल में मिलते रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने रविवार से दिल्ली में डेरा डालना शुरू कर दिया है। क्योंकि, यहां बैठक होने वाली है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो