script

congress on change: MP कांग्रेस में हुए बदलाव, दीपक बने कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी

locationभोपालPublished: Sep 10, 2017 11:45:00 am

मध्यप्रदेश कांग्रेस ने शनिवार को संगठन में बड़ा बदलाव किया, इसके तहत मध्यप्रदेश के प्रभारी महासचिव मोहन प्रकाश को पद से हटा दिया गया।

deepak babariya, दीपक बाबरिया
भोपाल। कांग्रेस ने शनिवार को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए मध्यप्रदेश के प्रभारी महासचिव मोहन प्रकाश को पद से हटा दिया। उनकी जगह आॅल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव रहे दीपक बाबरिया को पदोन्नत कर प्रदेश का प्रभारी महासचिव बनाया है।
माना जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस संगठन चुनाव में हुई गड़बड़ी की वजह से मोहन प्रकाश को हटाया गया है। इस गड़बड़ी के चलते अब तक बीआरओ की सूची जारी नहीं हो पाई है। चर्चा है कि जल्द ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव को भी बदला जा सकता है।
वहीं सूत्रों का कहना है कि मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव 2018 के मद्देनजर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने ये बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महासचिव मोहन प्रकाश और सचिव राकेश कालिया को हटा दिया है। उनके स्थान पर महासचिव दीपक बाबरिया और दो सचिवों जुबेर खान व संजय कपूर को मप्र कांग्रेस कमेटी का प्रभारी बनाया गया है।
अटकलें थमने में लगा समय :
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महासचिव मोहन प्रकाश को बदले जाने की लंबे समय से अटकलें चल रही थीं। प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेताओं सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ व ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से उनका तालमेल नहीं बैठ रहा था।
हाईकमान तक में मोहन प्रकाश के रवैये को लेकर दिग्गज नेताओं ने प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से बात भी रखी थी। हालांकि मंच पर कभी भी दिग्गज नेताओं ने प्रभारी महासचिव को लेकर उनकी नाराजगी का आभास नहीं होने दिया।
एक ही प्रभारी सचिव:
मोहन प्रकाश की नियुक्ति जुलाई 2013 में तत्कालीन प्रभारी महासचिव हरिप्रसाद के स्थान पर हुई थी। उनके साथ प्रभारी सचिव राकेश कालिया व संजय निरूपम बनाए गए थे लेकिन पिछले साल निरूपम मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष बना दिए गए थे। निरूपम की जगह प्रभारी सचिव पद पर कोई नियुक्ति नहीं हुई थी। प्रभारी महासचिव से हटाए जाने के बाद मोहन प्रकाश ने मप्र कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।
उधर, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा को भी हटा दिया गया है। Assam के सिलचर से सांसद सुष्मिता देव को महिला कांग्रेस का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। सुष्मिता वरिष्ठ कांग्रेस नेता संतोष मोहन देव की बेटी होने के साथ ही कांग्रेस के प्रवक्ताओं के पैनल में भी शामिल हैं। प्रदेश कांग्रेस में दो नए सचिवों की नियुक्ति भी की गई है, जिनमें जुबेर खान राजस्थान से दो बार विधायक रह चुके हैं, जबकि संजय कपूर कानपुर से हैं। दूसरी तरफ मध्यप्रदेश कांग्रेस के सचिव राकेश कालिया की भी छुट्टी कर दी गई है।
राहुल गांधी की किचन कैबिनेट के रूप में जाने जाते हैं बाबरिया :
मध्यप्रदेश कांग्रेस के नए प्रभारी महासचिव बनाए गए बाबरिया राहुल गांधी की किचन कैबिनेट के मेंबर के रूप में जाने जाते हैं, उनके प्रदेश प्रभारी बनने से कांग्रेस में नई जान आने की उम्मीद है।
नए प्रदेश महासचिव मूलत: अहमदाबाद से हैं, जहां उनकी पहचान एक श्रमिक नेता के तौर पर है। बाबरिया 2009 में लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं, जिसमें वे हार गए थे। इसके बाद 2012 से लगातार वे राहुल गांधी की कोर टीम का हिस्सा है और आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव है। सचिव के नाते उन्होंने यूथ कांग्रेस का जिम्मा संभाला और वर्तमान में सचिव के नाते केरल के प्रभारी भी हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो