script

रंग लाई महिलाओं की मुहिम, शराब की दुकान को शिफ्ट करने का रास्ता साफ

locationभोपालPublished: Apr 25, 2018 07:00:41 am

Submitted by:

Rohit verma

जनता की जीत : प्रकाश नगर में नहीं चलेगी दुकान

ladies
भोपाल. प्रकाश नगर में खोली गई शराब दुकान को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा जनता का विरोध असर दिखाने लगा है। भेल के विरोध के बाद कलेक्टर सुदाम खाड़े ने गोविंदपुरा तहसीलदार से रत्नागिरी के पास जमीन की नपती कराई तो वहां भेल से ही सटे क्षेत्र में नजूल की चार हजार वर्ग फीट जमीन सामने आई।

तहसीलदार रिपोर्ट को जल्द ही कलेक्टर को सौंपेंगे, इसके बाद दुकान शिफ्ट करने का रास्ता साफ हो जाएगा। रत्नागिरी के पास असलम नगर में शराब दुकान संचालित होती थी। नए वित्तीय वर्ष में ठेके में ठेकेदार ने दुकान प्रकाश नगर में खोल दी। इसका रहवासियों ने विरोध शुरू कर दिया।
एडीएम ने रिपोर्ट में धर्मस्थल से 50 मीटर दूरी के नियम टूटने की बात कही थी। भेल की जमीन पर दुकान शिफ्ट करने की बात कही भेल प्रबंधन और जिला प्रशासन आमने सामने आ गए। इसके बाद कलेक्टर ने रत्नागिरी ने नपती कराने के निर्देश दिए थे।
दुकाना शिफ्ट कराएंगे
प्रकाश नगर की दुकान को वहां से शिफ्ट कराया जाएगा, रत्नागिरी में जमीन की नपती कराई है।
– सुदाम खाडे़, कलेक्टर


शराब से परिवार बर्बाद हो जाते हैं। प्रशासन ने शराब दुकान शिफ्ट करने का फैसला नारी शक्ति के हित में लिया है। यह नारी शक्ति और एकता की जीत है।
– ममता तिवारी, प्रकाश नगर

आंदोलन में पत्रिका समूह ने जो सहयोग किया, उसके लिए हम आभारी हैं। पत्रिका साथ नहीं देता तो शायद इतनी जल्दी जीत नहीं मिलती। यह नारी शक्ति और पत्रिका की जीत है।
– उर्मिला देशमुख, प्रकाश नगर

आबादी व मंदिर के पास शराब की दुकान खोलना कहां का तरीका है। नारी शक्ति के दबाव में प्रशासन ने जो निर्णय लिया है, वह स्वागत योग्य है। निर्णय बहुत पहले ही ले लेना चाहिए था।
– प्रकाश चौकसे, प्रकाश नगर

इधर, खुशी से झूम उठीं महिलाएं, मिठाई खिला मनाया जश्न
भेल में रोज की तरह मंगलवार को करीब 6.30बजे से प्रकाश नगर गेट स्थित शराब दुकान के सामने महिलाओं का आना शुरू हो गया। सात बजे तक ५० से ज्यादा महिलाएं दुकान के सामने एकत्रित हो गईं।
महिलाओं ने हाथ में बैनर लेकर डेढ़ घंटे तक नारेबाजी की। बुधवार को आंदोलन तेज करने की रणनीति बना ही रहीं थी कि पता चला कि कलेक्टर डॉ. सुदाम खाड़े ने शराब दुकान शिफ्ट करने को हरी झंड़ी दे दी है। दुकान हटने की बात सुन महिलाएं खुशी से झूम उठीं, एक दूसरे को मिठाई खिलाई और नारी शक्ति के नारे लगाए।
आंदोलन खत्म कर घर को जाने की तैयारी कर रहीं सभी महिलाओं के कदम थम गए। महिलाओं ने तत्काल मिठाई मंगाई और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर शराब दुकान शिफ्ट करने के फैसले का स्वागत किया। महिलाओं ने कहा कि प्रशासन ने देरी से ही सही, लेकिन नारी शक्ति का सम्मान किया है।

ट्रेंडिंग वीडियो