scriptभाजपा का सियासी मंथन : फीडबैक के सहारे आगे की रणनीति होगी तय, विधायकों से समझी क्षेत्र की सियासत | cm shivraj singh | Patrika News

भाजपा का सियासी मंथन : फीडबैक के सहारे आगे की रणनीति होगी तय, विधायकों से समझी क्षेत्र की सियासत

locationभोपालPublished: Nov 24, 2021 11:28:44 pm

———————————— शिव-मुरली ने पूछा- बताओ कब जीते, कब हारे, आदिवासी फीडबैक क्या, आगे क्या करें- चुनावी व्यूह रचना शुरू, सीएम शिवराज और प्रदेश अध्यक्ष वीडी ने चुनाव के लिए जुटने के लिए कहा———————————–

shivraj.jpg

भोपाल। मिंटो हॉल में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ब्यूरोक्रेट्स पर ली चुटकी।


भोपाल। प्रदेश भाजपा ने अब विधायकों के फीडबैक के जरिए आगे की चुनावी रणनीति तय करने का आगाज किया है। बुधवार को छह संभागों के विधायकों के साथ संवाद करके भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने आगे की रणनीति तय की। इसमें विधायकों से फीडबैक भी लिया गया और उन्हें समझाईश व आगे की गाइडलाइन भी दी गई। शिवप्रकाश व मुरलीधर ने विधायकों से बकायदा उनके क्षेत्र के सियासत को भी समझा। विधायकों से पूछा गया कि वे कब जीते, कब हारे, उनके क्षेत्र में सियासी मुददे क्या हैं, जनजातीय गौरव दिवस व संंबंधित कार्यक्रमों का आदिवासियों में क्या फीडबैक है, आगे चुनाव के लिए क्या कदम उठाने चाहिए, उनके क्षेत्र की दिक्कत क्या है, सरकारी योजनाओं का फीडबैक क्या है। इन तमाम सवालों के जरिए विधायकों से फीडबैक लिया गया।
———————————–
यूं चला दिनभर मंथन-
प्रदेश भाजपा कार्यालय में विधायकों के साथ अलग-अलग बैठकों के दौर चलें। इसमें ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, शहडोल, सागर और रीवा संभाग के विधायकों की बैठक हुई। इसके बाद देर शाम सभी क्षेत्रों के विधायकों की संयुक्त बैठक भी हुई। अलग-अलग चरण में विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर रोडमैप, आदिवासी-ओबीसी वोट बैंक और आगामी बूथ और प्रशिक्षण अभियानों को लेकर चर्चा हुई।
————————————
चुनावी व्यूह के लिए सत्ता पर संगठन की कसावट-
कोरोना काल के कारण लंबे समय बाद भाजपा संगठन इस तरह बैठक कर रहा है। इसे चुनावी व्यूह रचना के लिए सत्ता पर संगठन की कसावट के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि अनेक जगह से संगठन के शीर्ष को यह फीडबैक भी मिला है कि मंत्री व विधायक संगठन की नहीं सुनते। इसके अलावा संगठन में भी राष्ट्रीय स्तर से कामकाज को लेकर कसावट हुई है। इस कारण केंद्रीय गाइडलाइन के आधार पर निचले स्तर पर काम करना है। मध्यप्रदेश को मॉडल स्टेट बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भी यह मशक्कत है।
————————————
शिवराज-वीडी ने दिया संदेश, जुट जाओ….
देर शाम विधायकों की संयुक्त बैठक में सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा भी शामिल हुए। इस बैठक में शिवप्रकाश और मुरलीधर के अलावा शिवराज और वीडी ने भी विधायकों से संवाद किया। इसमें विधायकों से फीडबैक लेने के साथ आगामी चुनाव के लिए जुट जाने के लिए कहा गया। उपचुनाव के नतीजों के बाद उत्साहित कार्यकर्ताओं को आगे की रणनीति पर काम करने के लिए निर्देशित किया गया। शिवराज ने कहा कि जनता से कनेक्ट रहे। जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं का यथासंभव समाधान करें। ज्यादा से ज्यादा समय जनता के बीच बिताएं। इस बैठक में चुनिंदा मंत्रीगण भी शामिल रहे। साथ ही दिग्गज नेताओं ने युवाओं को ज्यादा से ज्यादा जोडऩे की बात कही।
————————————–
आज ये बैठकें-
गुरुवार को भोपाल-नर्मदापुरम, उज्जैन और इंदौर के विधायकों की बैठक होगी। इसके अलावा प्रदेश पदाधिकारियों की भी एक बैठक होगी। वहीं शुक्रवार को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रखी गई है। नई टीम में यह पहली भौतिक बैठक होगी।
————————————
ये रहे फोकस-
– दलित वोट साधने आगे की रणनीति व अब तक का फीडबैक
– सरकार की योजनाओं, आदिवासी कैम्पेन का फीडबैक
– आगे बूथ स्तर तक की योजना व प्रशिक्षण की कार्ययोजना
– सत्ता-संगठन के साथ आगे की कामकाज की योजना
———————————–
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो