भोपाल

दिन में भी ठंड का अहसास, 29 को हल्की बारिश की संभावना

पिछले दो तीन दिनों से हवा का रूख उत्तरी होने से तापमान में गिरावट आई थी और दिन में भी ठंड का अहसास होने लगा था, लेकिन एक बार फिर हवा का रूख बदल गया है

भोपालFeb 27, 2020 / 01:30 am

Pradeep Kumar Sharma

दिन में भी ठंड का अहसास, 29 को हल्की बारिश की संभावना

भोपाल. पिछले दो तीन दिनों से हवा का रूख उत्तरी होने से तापमान में गिरावट आई थी और दिन में भी ठंड का अहसास होने लगा था, लेकिन एक बार फिर हवा का रूख बदल गया है। इसके कारण बुधवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो गई है, गुरुवार को भी मौसम ऐसा ही रहेगा, लेकिन शुक्रवार से मौसम का मिजाज बदल सकता है। 29 फरवरी को हल्की बारिश भी हो सकती है। राजधानी में मौसम का मिजाज नरम गरम चल रहा है। पिछले दो तीन दिनों से लोगों को सर्दी का अहसास होने लगा था, दिन में भी तापमान कम था और लोगों को सर्दी का सामना करना पड़ रहा था। उत्तरी हवाएं होने के कारण इस तरह की स्थिति बन रही थी। बुधवार को दिन में हवा का रूख दक्षिणी हो गया था, इसलिए दिन के तापमान में अचानक बढ़ोतरी हो गई। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.1 और न्यूनतम 13 डिग्री से. दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को अधिकतम 26.3 और न्यूनतम 11.6 डिग्री से. दर्ज किया गया था।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदलेगा मौसम
मौसम विज्ञानी उदय सरवटे ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ गुरुवार शाम को हिमालय क्षेत्र में बनेगा। इससे राजस्थान में एक ऊपरी हवा का चक्रवात बनने की संभावना है। इसके असर के कारण 28 और 29 को प्रदेश में अनेक स्थानों पर बारिश की स्थिति बन सकती है। पहले पश्चिमी मप्र में और उसके बाद उत्तरी मप्र में बारिश की स्थिति बनने की संभावना है। भोपाल में भी 29 फरवरी को बारिश की स्थिति बनने की संभावना है। गुरुवार को भी तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है।

Home / Bhopal / दिन में भी ठंड का अहसास, 29 को हल्की बारिश की संभावना

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.