scriptWeather Alert: 48 घंटे बाद चलेगी शीतलहर, 21 जिलों में बारिश और कोहरे का खतरा | cold weather alert - forecast and temperature report | Patrika News

Weather Alert: 48 घंटे बाद चलेगी शीतलहर, 21 जिलों में बारिश और कोहरे का खतरा

locationभोपालPublished: Dec 15, 2020 04:17:53 pm

Submitted by:

Manish Gite

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, बर्फीली हवाओं से गिरेगा 4-6 डिग्री तापमान, कोहरे और बारिश का दौर रहेगा जारी…।

weather.png

 

भोपाल। उत्तर भारत में बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट का दौर जारी है। 48 घंटे बाद एक बार फिर तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि अचानक 4 से 6 डिग्री तापमान गिरने से प्रदेश में शीतलहर शुरू हो जाएगी।

 

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में आने वाले 48 घंटों में शीतलहर शुरू हो सकती है। मंगलवार को जारी मौसम विभाग के बुलेटिन के मुताबिक आने वाले 17-18 दिसंबर को प्रदेश में शीतलहर शुरू हो सकती है। उत्तर भारत में बर्फबारी और बर्फीली हवाओं का दक्षिण-पश्चिम रुख होने के कारण मध्यप्रदेश में शीतलहर आ सकती है।

 

यहां पड़ेगा घना कोहरा

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग के भोपाल स्थित केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक प्रदेश के चंबल संभागों के जिलों में मध्यम कोहरा रह सकता है। इसके अलावा रायसेन, भोपाल, उज्जैन, शाजापुर, गुना, अशोकनगर, ग्वालियर जिलों में भी मध्यम कोहरा रहने के आसार बताए गए हैं। जबकि छतरपुर और जबलपुर जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक कोहरे की यह स्थिति सुबह के समय रहेगी।

 

यहां बारिश के आसार

प्रदेश के भोपाल और रीवा संभागों के जिलों में तथा धार, उज्जैन, बैतूल, शाजापुर, आगर मालवा, गुना, अनूपपुर, कटनी, मंडला, दमोह, सागर और छतरपुर जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश हो सकती है। इसके अलावा इनमें से कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती है।

 

weather.jpg

पिछले 24 घंटों का हाल

मध्यप्रदेश में पिछले चार दिनों से बारिश का दौर जारी है। प्रदेश के रीवा संभाग के जिलों में, भोपाल, शहडोल, सागर, जबलपुर और इंदौर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई। शेष संभागों के जिलों का मौसम शुष्क बना हुआ है। प्रदेश के कटनी में 2 सेमी, दमोह, गढ़ाकोटा, केवलारी में 1-1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

 

 

weather_4570409_835x547-m_5840192_835x547-m.jpg

पचमढ़ी से कम ग्वालियर का तापमान

प्रदेश में मौसम बदलने के साथ ही तापमान में भी गिरावट आई है। चंबल और ग्वालियर संभागों के जिलों में सामान्य से अधिक, जलपुर, सागर और इंदौर संभागों के जिलों में सामान्य से काफी अधिक गिरावट आई है। प्रदेश में सबसे अधिक ठंड वाला हिल स्टेशन पचमढ़ी है। वहां से भी अधिक ठंड ग्वालियर में पड़ रही है। ग्वालियर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया। जो उत्तर भारत के करीब होने के कारण अधिक ठंडा हो जाता है।

https://www.dailymotion.com/embed/video/x7y3aqa
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो