एमपी नगर पुलिस ने बताया कि टैक्सिडो कंपनी के मालिक वरुण उर्फ राहुल बंसल के खिलाफ 17 फरवरी को ही मामला दर्ज किया जा चुका है। कंपनी के मैनेजर रविकांत विश्वकर्मा को भी पुलिस ने आरोपी बनाया है। पुलिस ने बताया कि फर्जी कंपनी के नाम पर आरोपियों ने करीब 170 कारें गायब की हैं।
यह भी पढ़ें - एयर इंडिया ने मुंबई के लिए शुरू की फ्लाइट, इंडिगो की दिल्ली के लिए नई उड़ान

कंपनी का ऑफिस एमपी नगर जोन-1 में बनाया गया था। अशोका गार्डन निवासी विकेश सिंह ने बताया कि नवंबर 2021 में 25 हजार रुपए हर महीने के किराए पर अपनी कार टैक्सिडो कंपनी में लगाई थी। कंपनी के मैनेजर रविकांत ने हर महीने किराया देने का वादा किया था, लेकिन सिर्फ एक महीने का किराया दिया। कार का भी पता नहीं चला। विकेश सिंह सहित करीब 30 लोग शिकायत करने पुलिस कमिश्नर ऑफिस पहुंचे थे। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि कंपनी ने इस तरह से करीब 170 लोगों की गाड़ियां ली और भाग गई.
अधिकांश कारें भिंड, मुरैना ले जाई गई हैं. इस संबंध में TI सुधीर अरजरिया ने बताया कि कंपनी की अब तक 30 शिकायतें पुलिस के पास आ चुकी हैं। कंपनी के आरोपी कर्ताधर्ता लोगों को सरकारी विभागों में गाड़ियां अटैच कराने का झांसा देकर उनकी कार लेते थे। इसके बाद न तो किराया देते थे और न ही कार लौटाते थे। पुलिस सभी शिकायतों की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।