हर दिन पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी हो रही है। बुधवार को एक बार फिर पेट्रोल के दाम 87 पैसे और डीजल के दाम 82 पैसे बढ़ा दिए गए। इससे लगातार महंगाई बढ़ रही है। कांग्रेस इसके खिलाफ सड़क पर उतर आई है। बुधवार को उसने अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल खरीदने वालों को लोन भी दिलवाए।
बुधवार को पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों को लेकर प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन पूर्व मंत्री एवं स्थानीय कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा के नेतृत्व में किया गया। पीसी शर्मा ने कहा कि लोगों के पास खाने के लिए भी पैसा नहीं है। दूध, पेट्रोल, डीजल, दवा, किराने का समान सब महंगा होता जा रहा है। यह सरकार जनता को महंगाई से ही मार देना चाहती है। इसलिए हम जनता को रोजमर्रा के काम के लिए लोन दिलवाएंगे। इसके लिए हमने पांच नंबर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास शिविर लगाया है। लोगों से आवेदन भरवाए जा रहे हैं। विधायक शर्मा ने कहा कि उनका यह प्रदर्शन लगातार चलता रहेगा।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, पूर्व पार्षद योगेंद्र सिंह चौहान गुड्डू, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष कंसाना समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
राजधानी भोपाल में बुधवार को सुबह 87 पैसे बढ़कर पेट्रोल के भाव 118.12 पैसे प्रति लीटर हो गए। डीजल के दाम में भी 82 पैसे की वृद्धि हो गई। जबकि डीजल के दाम 101.14 पैसे प्रति लीटर हो गए। इन कीमतों के कारण कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही है।