Half Day Bandh: पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के विरोध में प्रदेशव्यापी बंद, कई कांग्रेस नेता हिरासत में
मध्यप्रदेश में आधे दिन बंद का मिला-जुला असर, देखें प्रदेश का अपडेट...।

भोपाल। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस की कीमतों समेत बढ़ती महंगाई के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के आह्वान पर सुबह से ही कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर पहुंचे और प्रदर्शन में शामिल हुए।
प्रदेशभर में शनिवार को आधे दिन बंद कराया जा रहा है, जिसका मिला-जुला असर नजर आ रहा है। देखें प्रदेशभर से अपडेट...।
राजधानी भोपाल में भी शनिवार को सुबह से ही कई पेट्रोल-पंप और दुकानें बंद रही। इसके अलावा पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा को जबरन दुकानें और पेट्रोल पंप बंद करवाने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। कांग्रेस का प्रदर्शन दोपहर तक चलेगा। इससे एक दिन पहले कांग्रेस नेताओं ने लाउड स्पीकर पर सभी दुकानदारों से अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का आह्वान किया था। कांग्रेस कार्यकर्ता इसी सिलसिले में सुबह से खुली दुकानों को बंद करवाने शहर में घूम रहे हैं, जबकि इन्हें रोकने के लिए भारी पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।
दिग्विजय बोले- वेट कम करने से सत्ता होगा पेट्रोल
पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह भी शनिवार को सुबह राजधानी के रोशनपुरा चौराहे पर पहुंचे और महंगाई के विरोध में प्रदर्शन में शामिल हुए। दिग्विजय सिंह ने इस मौके पर कहा कि वेट कम होना चाहिए, वेट कम होने से पेट्रोल सस्ता हो जाएगा।
इंदौरः रीगल टाकीज चौराहे पर प्रदर्शन
इधर, इंदौर से खबर है कि कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद करने का विरोध भी किया। इस दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ता और दुकानदार आमने-सामने आ गए थे। इंदौर के एमजी रोड पर यह स्थिति देखने को मिली। इसके अलावा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रीगल चौराहे पर प्रदर्शन किया। कई कांग्रेस नेता बाजार बंद करवाने के बाद पेट्रोल पंप पर क्रिकेट खेलकर प्रदर्शन करते नजर आए।
उज्जैनः कांग्रेस नेता की दुकान खुली थी, नाराज हुए कार्यकर्ता
उज्जैन से खबर है कि यहां भी विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ, लेकिन इसका मिला-जुला असर नजर आया। मैजिक, बस सेवाएं सुबह से चालू रही, जिन्हें बंद कराने का प्रयास किया गया। इसके अलावा होटल दुकानें भी खुलीं तो कांग्रेसियों ने नारे लगाकर इन्हें बंद कराया। इस दौरान कुछ जगह विवाद की स्थिति भी बनी। एक दुकान पर कांग्रेस नेता ने एक हजार रुपए देकर दुकान बंद करकवाई। नानाखेड़ा बस स्टैंड पर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष की होटल खुली मिली, जिस पर कुछ कांग्रेसियों ने नाराजगी जताते हुए पूर्व अध्यक्ष को निष्कासित करने की मांग की।
कटनीः महंगाई के विरोध में कटनी बंद
कटनी। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस में बेतहाशा वृद्धि से मध्यमवर्गीय परिवार और गरीब परेशान है। कांग्रेस की ओर से पूरे शहर में रैली निकालकर बंद का आवाहन किया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मिथिलेश जैन, ग्रामीण अध्यक्ष गुमान सिंह, पूर्व विधायक सुनील मिश्रा, राकेश जैन, रौनक खंडेलवाल सहित गिरीश गर्ग, निशा मिश्रा शहर की सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
भिंड के परेड चौराहे पर प्रदर्शन
भिंड जिले से खबर है कि यहां भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। शनिवार को सुबह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परेड चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया।
अब पाइए अपने शहर ( Bhopal News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज