scriptमान-मनोव्वल का दौर: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने नेताओं के साथ की बैठक और भाजपा अब ये करेगी | Patrika News

मान-मनोव्वल का दौर: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने नेताओं के साथ की बैठक और भाजपा अब ये करेगी

locationभोपालPublished: Jun 23, 2022 01:40:44 pm

– ‘रूठों को मनाने जरूरत पड़े तो पांव पकडें’

congress_plan_for_election_2022.jpg

भोपाल। स्थानीय सरकार के चुनाव में बुधवार को नामांकन वापसी की समय सीमा खत्म हो गई। अंतिम समय तक भाजपा-कांग्रेस ने बागियों को मनाने में पूरा जोर लगाया। इससे अधिकतर जगह दोनों पार्टियां रूठों को मनाने में सफल रही, लेकिन सभी जगह ऐसा नहीं हो सका।

प्रदेश में कई सीटों पर बागी मैदान में अब भी ताल ठोंक रहे हैं। दोनों पार्टियों को इनसे निपटना होगा। ऐसे में आने वाले दिनों में भाजपा-कांग्रेस बागियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की ओर रूख करेंगी।

इधर, कमलनाथ ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मंथन किया। उन्होंने कहा, जिन्हें टिकट नहीं मिला और जो आपके वार्ड से प्रमुख लोग हैं, उन्होंने भी कांग्रेस का झंडा उठाया है। उन्हें टिकट न मिल पाने का दु:ख है। आप उन्हें मनाइए और जरूरत पड़े तो उनके पांव पकड़कर अपने साथ लाइए। इससे पूर्व कमलनाथ ने ट्वीट कर चुनाव में प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग की आशंका भी जताई है।

कांग्रेस: विरोध के बाद बदले कई नाम
दरअसल, कांग्रेस में नामांकन के आखिरी दिन तक पार्षद पद के उम्मीदवारों की सूची जारी होती रही। इसकी वजह घोषित उम्मीदवारों का विरोध रहा। असंतुष्ट नेता अब निर्दलीय ही मैदान में कूद गए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने असंतुष्टों, बागियों को मनाने की जिम्मेदारी प्रभारियों को दी थी, प्रयास भी हुए, लेकिन इसमें ज्यादा सफलता नहीं मिली। कांग्रेस को ज्यादा खतरा बागियों से है। ये पार्टी के ही वोट कांटेंगे। इसलिए इन्हें मनाने के प्रयास कम नहीं हुए हैं।

संगठन के बल पर ही जीतेंगे चुनाव
बैठक में कमलनाथ ने कहा, निकाय चुनाव हम कांग्रेस पार्टी के संगठन के बल पर जीतेंगे। किसी प्रत्याशी को यह नहीं समझना चाहिए कि वह अपने आप में ताकतवर है। आपको सबके सहयोग की आवश्यकता है। भोपाल से प्रत्याशी विभा पटेल ने कहा, हम सब मिलकर इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी को मजबूती से जिताएंगे।

भाजपा: बागियों को मनाने के भरपूर जतन, दिनभर चला संवाद, अब होगा ‘एक्शन’
वहीं दूसरी ओर प्रदेश भाजपा ने भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर सहित सभी जगह बागियों को मनाने के लिए पूरे जतन किए। भोपाल में भाजपा से कोई बागी मैदान में नहीं है। भाजपा नेत्री मंजू दायमा ने नामांकन जमा किया था, लेकिन वह वापस ले लिया।

भोपाल में करीब 7 प्रत्याशी महापौर पद के लिए मैदान में हैं। वहीं दूसरी जगह भी भाजपा बागियों को मनाने में सफल रही है। छिंदवाड़ा और रतलाम में भाजपा के बागी मैदान में हैं। बुधवार को दोपहर 3 बजे तक प्रदेश मुख्यालय से सभी जिलों में बगावत को लेकर संवाद किया जाता रहा, ताकि बागियों को बैठाया जा सके।

अब नामांकन वापसी के बाद सभी निकायों से जानकारी बुलाई गई है। जिलाध्यक्षों सहित अन्य वरिष्ठ स्थानीय नेताओं को भी भाजपा ने रूठों को मनाने की जिम्मेदारी दी थी। इसमें मंत्रियों को भी जिम्मा दिया था।

तैयार हो रही सूची
नामांकन वापसी के बाद मैदान में बचे बागियों की अब सूची तैयार की जा रही है। भाजपा इन बागियों पर एक्शन ले सकती है। सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बागियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही थी। इसके तहत अब इन नेताओं पर तगड़ा एक्शन हो सकता है। इन्हें पार्टी व पदों से हटाया जा सकता है। इसे लेकर जल्द ही बैठक की जाएगी।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो