scriptबड़ी खबर : BJP ही नहीं कांग्रेस में भी बड़ा बदलाव, इन दिग्गजों को किया जाएगा बाहर! | congress will replace these politicians from their responsibilities | Patrika News
भोपाल

बड़ी खबर : BJP ही नहीं कांग्रेस में भी बड़ा बदलाव, इन दिग्गजों को किया जाएगा बाहर!

रिपोर्ट कार्ड के अध्ययन के बाद मध्यप्रदेश के दो दर्जन जिलाध्यक्षों पर उनकी परफॉर्मेंस को देखते हुए गाज गिरने का अंदेशा जताया जा रहा है।

भोपालJan 18, 2018 / 11:18 am

rishi upadhyay

mp election

भोपाल। आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाती नजर आ रही मध्यप्रदेश कांग्रेस अब अपने सिस्टम को रिफाइन करने की कोशिश करती नजर आ रही है। केंद्र का फोकस जहां मध्यप्रदेश में दिखाई दे रहा है, वहीं खुद मध्यप्रदेश कांग्रेस भी अपने सिपहसालारों के रिपोर्ट कार्ड के आधार पर उन्हें अगली जिम्मेदारी देने या नहीं देने पर फैसला करना शुरू कर चुकी है। ताजा जानकारी के मुताबिक हाल ही में मिले रिपोर्ट कार्ड के अध्ययन के बाद मध्यप्रदेश के दो दर्जन जिलाध्यक्षों पर उनकी परफॉर्मेंस को देखते हुए गाज गिरने का अंदेशा जताया जा रहा है। इतना ही नहीं माना जा रहा है कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव पर भी कुछ बड़े बदलावों के लिए दबाव बनाया जा सकता है।

 

आपको बता दें कि कांग्रेस के मध्यप्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया ने हाल ही में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी से एक रिपोर्ट मांगी है। इसमें पार्टी के उन नेताओं और पदाधिकारियों की जानकारी मांगी है, जिनके पास पार्टी के उच्च पद हैं, लेकिन उनकी सक्रियता बाकी नेताओं से काफी कम है। माना जा रहा है कि ऐसे नेताओं और पदाधिकारियों का उनके पद से पत्ता साफ किया जा सकता है। जानकारी के मुताबिक 19 जनवरी को दीपक बावरिया के भोपाल पहुंचने के साथ ही ये रिपोर्ट उनके हाथ में होगी। इसके बाद दिल्ली पहुंच कर दीपक बावरिया मध्यप्रदेश की कांग्रेस टीम में कुछ बड़े बदलाव कर सकते हैं, इनमें से एक बड़ा बदलाव दो दर्जन जिलाध्यक्षों के बदलाव का भी हो सकता है। इसके साथ ही ये भी उम्मीद जाहिर की जा रही है बदलाव की ये प्रक्रिया इसी महीने पूरी भी हो सकती है।

 

कार्यकारिणी का गठन नहीं कर पाए हैं अरुण यादव
वैसे ये बात तो पहले ही साफ है कि अरुण यादव पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से ही लम्बे समय तक कार्यकारिणी का गठन नहीं कर पाए हैं। वर्तमान समय की बात करें तो स्थिति यही है कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशों का पालन करने वाले पदाधिकारियों की संख्या ही काफी कम है। चर्चा तो यहां तक की जाती है कि कई पदाधिकारियों ने अरुण यादव को अब तक अपना नेता ही नहीं माना। ऐसी स्थिति में उन पदाधिकारियों को जल्द ही उनके पद से हटाया जा सकता है, ताकि प्रदेश में एक मजबूत कार्यकारिणी का गठन किया जा सके।

 

18 को पहुंच रहे हैं पार्टी के प्रदेश प्रभारी
दीपक बावरिया 18 को भोपाल आएंगे। इस दौरान वे कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी पदाधिकारियों के चर्चा करेंगे। इसके बाद 19 जनवरी से कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करेंगे। भोपाल प्रवास के दौरान दीपक बावरिया प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों, सांसद, विधायक, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, पूर्व सांसद, जिला समन्वयक, मोर्चा संगठन, प्रकोष्ठ, कांग्रेस पक्ष के जिला पंचायत एवं नगर पालिका के अध्यक्षों की बैठक लेंगे। इसके बाद दूसरे दिन यानि 20 जनवरी को भोपाल जिला (शहर) तथा दोपहर 2 बजे भोपाल (ग्रामीण) जिला के कांग्रेसजनों की बैठक लेंगे। माना जा रहा है कि बैठकों के इस दौर के साथ ही कुछ कड़े फैसले भी लिए जा सकते हैं।

 

दिग्विजय सिंह से भी करेंगे मुलाकात
प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया 21 जनवरी को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से मुलाकात करेंगे। मालूम हो दिग्विजय नर्मदा परिक्रमा कर रहे हैं। वे सिंह के साथ नर्मदा परिक्रमा में शामिल होंगे। 18 को पूर्व केन्द्रीय मंत्री अनिल शास्त्री भी नर्मदा परिक्रमा में शामिल होंगे। शास्त्री 17 जनवरी की रात नौ बजे भोपाल आ रहे हैं। नर्मदा परिक्रमा में शामिल होने के बाद वे अगले दिन दोपहर 12 बजे नाबार्ड में कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर डेढ़ बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में नेताओं से मुलाकात करेंगे।

Home / Bhopal / बड़ी खबर : BJP ही नहीं कांग्रेस में भी बड़ा बदलाव, इन दिग्गजों को किया जाएगा बाहर!

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो