भोपाल

लॉकडाउन खत्म होते ही बढ़ी मरीजों की संख्या, होटल पलाश का कर्मचारी पॉजिटिव आने से मचा हड़कंप पांच हजार लोगों तक खाना पहुंचाने की थी जिम्मेदारी

राजधानी में 62 नए मरीज मिले, 1724 हुई मरीजों की संख्या

भोपालJun 03, 2020 / 10:21 pm

सुनील मिश्रा

जांचे गए 5 हजार नमूने, अभी 3 हजार शेष

भोपाल। जैसा कि अंदाजा लगाया जा रहा था लॉकडाउन खत्म होने के बाद मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गई है। बुधवार को शहर में कोरोना के 62 नए मरीज मिले, शहर मे कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर अब 1724 हो गई। बुधवार को
होटल पलाश का एक मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव (विपणन सहायक) के पॉजीटिव आने के बाद हड़कंप मच गया। दरअसल होटल पलाश से ही शहर के सारे कोविड केयर सेंटर और क्वारेंटाइन सेंटर में होटल पलाश से ही खाने की सप्लाई हो रही है। पॉजीटिव कर्मचारी खाना बनवाने से लेकर सप्लाई का काम देख रहा था। इसके पॉजीटिव आने के बाद होटल पलाश के अलावा पर्यटन विभाग के मुख्यालय और मिंटो हॉल में खाना बनवाना बंद कर सैनेटाइज कर दिया गया है। यही नहीं कर्मचारी के संपर्क में आने वाले करीब 55 लोगों के जांच कर सैंपल लिए गए हैं तथा सभी को होम क्वारेंटाइन कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक क्वारेंटाइन किए गए लोगों में पर्यटन विकास निगम के रीजनल मैनेजर, जिला प्रशासन, एनआरएचएम, पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों के अतिरिक्त दो खाद्य सुरक्षा अधिकारी भी शामिल है। मालूम हो कि होटल पलाश में हर रोज 5000 से अधिक लोगों के लिए खाना बनाया जा रहा था
हमीदिया के रैनबसेरे में पॉजीटिव
हमीदिया अस्पताल के रैनबसेरे में भी चार लोग कोरेाना पॉजीटिव मिले हैं। इनमें से दो मरीज मुंबई से ऑटो से बिहार जा रहे एक परिवार के सदस्य हैं। होशंगाबाद के बाद ट्रक से टक्कर के बाद पूरे परिवार को गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार के तीन सदस्य पहले ही पॉजीटिव आ चुके हैं। वहीं रैनबसेरे में दो अन्य लोग पॉजीटिव मिले हैं। चिंता इस बात की है कि रैन बसेरे में हर समय 70 से 80 लोग होते हैं, जो सुबह चले जाते हैं। ऐसे में अधिकारियों को संक्रमण फैलने का डर सता रहा है।
एनआईटीटीटीआर में भी मिला संक्रमित

इधर, कोरोना का संक्रमण अब एनआईटीटीटीआर तक पहुंच गया है। यहां 41 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है। इसके अलावा पुराने शहर मे मरीजों का मिलने का सिलसिला लगातार चल रहा है। बुधवार को भोपाल टॉकीज के पास बालविहार क्षेत्र से 10 मरीज मिले। इन क्षेत्र में अब तक 16 मरीज मिल चुके हैं। वहीं गोविंदपुरा में 3, टीटी नगर थाना क्षेत्र में 9, पटेल नगर में 4, होटल पलाश में 1 सहित अन्य क्षेत्रों में पॉजिटिव मिले है।

Home / Bhopal / लॉकडाउन खत्म होते ही बढ़ी मरीजों की संख्या, होटल पलाश का कर्मचारी पॉजिटिव आने से मचा हड़कंप पांच हजार लोगों तक खाना पहुंचाने की थी जिम्मेदारी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.