scriptशहर की 20 संस्थाओं की जेब में! नगर निगम का 50 फीसदी मूल बजट… | Corruption in Bhopal nagar nigam latest news in hindi | Patrika News

शहर की 20 संस्थाओं की जेब में! नगर निगम का 50 फीसदी मूल बजट…

locationभोपालPublished: Dec 18, 2018 01:15:48 pm

निगम इनसे वसूली की हिम्मत कर ले तो 12 प्रोजेक्ट हो जाएंगे पूरे…

nagar nigam bhopal

nagar nigam bhopal

भोपाल@देवेंद्र शर्मा की रिपोर्ट..
आपको ये जानकर हैरत होगी कि शहर के 20 संस्थान निगम के मूल बजट 700 करोड़ रुपए का 50 फीसदी अपनी जेब में लेकर बैठे हैं। नगर निगम को शहर के तीन बड़े मॉल से बकाया करीब 45 करोड़ रुपए की वसूली की छूट के हाईकोर्ट के फैसले के बाद पत्रिका ने पड़ताल की तो ये चौंकाने वाली जानकारी सामने आई।
निगम इनसे वसूली की हिम्मत कर ले तो राज्य की नई कांग्रेस सरकार और केंद्र के अनुदान के भरोसे चल रहे 12 प्रोजेक्ट को आसानी से पूरा किया जा सकता है।

करीब 300 करोड़ रुपए महज 20 संस्थानों ने दबाए हुए हैं। हाईकोर्ट ने हाल में जोन नंबर नौ और जोन नंबर 13 से जुड़े सात बड़े संस्थानों से वसूली के लिए निगम को छूट दी है।
अभी दो दिन पहले इन पर कोर्ट का निर्णय आया। फिलहाल जिनसे वसूली की छूट मिली है, उनमें दीपमाला इंफ्रास्ट्रक्चर, डीबी मॉल, गोविंद रिएलिटी, सेंचूरी 21 मॉल शामिल है।

इन चार जोन से ही मिल जाएं 150 करोड़ रुपए…
– 42 करोड़ रुपए जोन नौ में हैं। यहां एमपी नगर से लेकर दस नंबर, बिट्टन मार्केट तक का पूरा हिस्सा शामिल है। छह बड़े बकायादार यहां हैं।
– 35 करोड़ रुपए जोन सात में हैं। इसमें न्यू मार्केट से लेकर शाहपुरा, चूनाभट्टी तक का हिस्सा है। इसमें 5 बड़े बकायादार हैं।
– 17 करोड़ रुपए जोन 18 में है। इसमें कोलार का पूरा क्षेत्र शामिल है। ये दानिशंकुंज और आगे तक फैला है।
– 45 करोड़ रुपए जोन 19 में है। इसमें कोलार के आसपास विकसित नई कॉलोनियों से लेकर कटारा हिल्स तक नवविकसित क्षेत्र शामिल हैं।
राशि मिले तो ये चलें…
– 21 करोड़ का मानुआभान टेकरी पर प्रस्तावित भारत माता मंदिर।
– 12 करोड़ रुपए का बीआरटीएस मेंटेनेंस प्रोजेक्ट।
– 05 करोड़ रुपए का वीआईवी रोड मेंटेनेंस प्रोजेक्ट।
– 07 करोड़ रुपए से पार्क डेवलपमेंट प्रोजेक्ट।
– 12 करोड़ रुपए से 12 आदर्श मार्ग विकसित करने का प्रोजेक्ट।
– 05 करोड़ रुपए का सावरकर सेतु हबीबगंज के आसपास सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट।
– 45 लाख से शहर के 30 पार्क में मैन्युअल कंपोस्ट यूनिट स्थापना।
– 05 करोड़ रुपए से गणेशमंदिर आरओबी से बोर्ड ऑफिस तक सर्विस रोड निर्माण।
– 117 करोड़ रुपए से नवबहार सब्जी मंडी कर खाली जमीन पर बस स्टैंड का प्रस्ताव ।
– 10 करोड़ रुपए से जोन स्तर पर हॉकर्स कॉर्नर विकसित करने का प्रोजेक्ट।
हमें हाल में हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। वसूली प्रक्रिया पर लगी रोक हटा दी है। हम हम वसूली के लिए कवायद शुरू कर रहे हैं और बड़े बकायादारों पर कार्रवाई कर निगम के राजस्व में बढ़ोतरी करेंगे।
– रणवीर सिंह, अपर आयुक्त राजस्व
इधर, एम्स में शुरू होंगे तीन विभाग…
वहीं दूसरी ओर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल में बुधवार से तीन नए विभाग काम करना शुरू कर देंगे। इन विभागों में ओपीडी सुविधा भी आरंभ हो जाएगी। इससे मरीजों को इलाज के लिए दूसरे अस्पताल नहीं भटकना पड़ेगा।
जानकारी के मुताबिक एम्स की गवर्निंग बॉडी के नए अध्यक्ष डॉ. वाईके गुप्ता बुधवार को ऑकोलॉजी, बर्न एण्ड प्लास्टिक सर्जरी और न्यूरोसर्जरी विभाग का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही वह यहां आई बैंक का शुभारंभ करेंगे।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. जेपी नड्डा के गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद एम्स दिल्ली के पूर्व चिकित्सक डॉ. बाईके गुप्ता को अध्यक्ष बनाया गया था।

गौरतलब है कि इन दिनों एम्स में सुविधाएं बढ़ाने का काम किया जा रहा है। बीते आठ महीनों में एम्स में 275 बिस्तरों का इजाफा हो गया है। एम्स में बिस्तरों की क्षमता अब 575 हो गई है, जिसे बढ़ाकर 900 किया जाना है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो