scriptबस के अंदर बैठी महिला के सिर में लगा पत्थर, आठ घंटे बाद हुई मौत | crime | Patrika News

बस के अंदर बैठी महिला के सिर में लगा पत्थर, आठ घंटे बाद हुई मौत

locationभोपालPublished: Dec 11, 2018 01:04:45 am

Submitted by:

Ram kailash napit

कहां से आया, किसने मारा पत्थर नहीं हो सका खुलासा

news

Syma

भोपाल. लो-फ्लोर बस में सफर के दौरान मां और भाभी के साथ घर लौट रही एक महिला के सिर में पत्थर लगने से मौत हो गई। उसकी गोद में तीन माह का दुध-मुंहा बेटा था, जो शादी के आठ साल बाद कई जगह मन्नतें करने के बाद पैदा हुआ है। उसके सिर में पत्थर लगा, तो उसका बेटा बस के अंदर फ्लोर पर गिर गया। उसे बचाने के लिए वह नीचे झुकी और उसी के ऊपर गिर पड़ी। जैसे ही मासूम के ऊपर गिरी, उसके मुंह से खून निकल पड़ा। ड्राइवर ने बस को हॉस्पिटल की तरफ दौड़ा दिया, लेकिन आठ घंटे तक चले उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। पत्थर किसने मारा, कहां से आया। खुलासा नहीं हो सका है। यह मामला रविवार रात गौतम नगर थाना क्षेत्र का है।

टीआई महेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि सायमा पति नसीम खान (25) आजाद नगर सब्जी मंडी के पास अशोका गार्डन में रहती थी। वह रविवार को अपनी मां आशमा और भाभी फरहा के साथ एक रिश्तेदार के घर करोंद गई थी। रात करीब सवा 8 बजे वह घर लौट रही थी। घर लौटने के लिए उसने करोंद सब्जी मंडी ब्रिज के पास से लो-फ्लोर बस पकड़ी। बस में सवार होते ही वह ड्राइवर सीट के ठीक पीछे बैठ गई।

उसकी गोद में उसका तीन माह का बेटा अबूजर था। जैसे ही बस करीब 200 मीटर चली, तभी अचानक खिड़की से एक पत्थर आया और उसके सिर में लग गया। पत्थर सिर में लगते ही उसका तीन साल का बेटा बस के अंदर फ्लोर पर गिर गया। वह जैसे ही मासूम को उठाने लगी, वह भी उसके ऊपर गिर गई। किसी तरह मां और देवरानी ने उसे उठाया, तो वह बेसुध अवस्था में आ गई। देखा तो उसके मुंह से खून निकल रहा था।
सोमवार तड़के हुई मौत
लो-फ्लोर बस चालक रवि पांडेय ने बताया कि जब उसे पत्थर लगने का पता चला, तो उसने बस को गौतम नगर थाने के अंदर स्थित हॉस्पिटल की तरफ दौड़ा दिया। महिला को हॉस्पिटल में भर्ती कराया और फिर पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद हॉस्पिटल पहुंची पुलिस ने बयान लिए, हालत गंभीर होने पर हमीदिया रेफर कर दिया। जहां सोमवार तड़के 4 बजे उसकी मौत हो गई।

ड्राइवर को मारा पत्थर, मेरी बहन को लग गया
एएसपी अरविंद दुबे ने बताया कि बस के अंदर पत्थर कैसे आया, किसने मारा। यह जांच का विषय है। घटना के बाद से पुलिस एक दर्जन लोगों से पूछताछ कर चुकी है। सुराग नहीं लगा सका है। एफएसएल दल की प्राथमिक जांच में पत्थर पर टायरों के निशान पाए गए हैं, पुलिस उस दिशा में भी तफ्तीश कर रही है। मृतका के भाई इमरान खान ने कहा कि ब्रिज से पहले कहीं बस का किसी बाइक में कट लग गया था। बाइक चालक ने ड्राइवर को पत्थर मारा, जो मेरी बहन को लग गया हो।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो