भोपाल

आज मिलेगी बड़ी सौगात, 22 लाख किसानों के खाते में ट्रांसफर किए जाएंगे 4 हजार 688 करोड़ रुपए

मध्यप्रदेश के सीएम ने घोषणा की थी कि किसानों को नुकसान नहीं होने देंगे।

भोपालSep 18, 2020 / 07:53 am

Pawan Tiwari

आज मिलेगी बड़ी सौगात, 22 किसानों के खाते में ट्रांसफर किए जाएंगे 4 हजार 688 करोड़ रुपए

भोपाल. मध्यप्रदेश सरकार किसानों को आज बड़ी सौगात देगी। मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान आज 22 लाख 51 हजार 188 किसानों को खरीफ 2019 की फसल बीमा राशि वितरित करेंगे। 22 लाख से अधिक किसानों के खातों में कुल 4 हजार 688 करोड़ 83 लाख रुपए का हस्तांतरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों के कल्याण के लिए सदा तत्पर है। हमारा लक्ष्य है किसानों की आमदनी को जल्दी से जल्दी दोगुना करना। इसके लिए न केवल किसानों को खेती-किसानी के लिए हरसंभव सहायता दी जा रही है, अपितु उनकी फसलों को हुए नुकसान की भी अधिकतम भरपाई सरकार कर रही है। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण दिया जा रहा है। किसानों को उनकी फसल का अधिक से अधिक मूल्य मिल सके, इसके लिए मण्डी अधिनियम में संशोधन किए गए हैं तथा उनकी फसलों के विपणन की भी अच्छी व्यवस्था की जा रही है।
मुख्यमंत्री चौहान 18 सितम्बर को उज्जैन में कालिदास अकादमी में पूर्वान्ह आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के किसानों को सौगात देंगे इसके साथ ही वे हितग्राहियों से संवाद करेंगे। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री अन्य जिलों के किसानों से भी संवाद करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल भी मौजूद रहेंगे।
खरीफ 2019 में 37 लाख किसानों द्वारा फसल बीमा कराया गया था, जिसका बीमित क्षेत्र 61.09 लाख हेक्टेयर था तथा किसानों से कुल राशि 343.81 करोड़ रूपये कृषक अंश लिया गया। राज्यांश 1072.44 करोड़ एवं केन्द्रांश 1072.44 करोड़ रूपये, इस प्रकार कुल 2488.69 करोड़ रूपये प्रीमियम बीमा कंपनियों को भुगतान किया गया है।

Hindi News / Bhopal / आज मिलेगी बड़ी सौगात, 22 लाख किसानों के खाते में ट्रांसफर किए जाएंगे 4 हजार 688 करोड़ रुपए

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.