भोपाल

जाकिर नायक के बयान पर दिग्विजय सिंह ने मोदी—शाह को घेरा

कहा, 370 के समर्थन पर केस हटाने का दिया था आफरजाकिर का बयान सार्वजनिक होने पर भी दोनों ने साधी चुप्पी

भोपालJan 15, 2020 / 08:43 pm

harish divekar

नरेन्द्र मोदी अमित शाह

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मनी लॉन्ड्रिंग और देशद्रोह के आरोपी जाकिर नाइक को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मेादी और गृह मंत्री अमित शाह पर बड़ा आरोप लगाया है। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि मोदी और शाह ने जाकिर नाइक को एक डील ऑफर की थी। दिग्विजय सिंह ने कहा कि जाकिर नाइक ने बयान दिया है कि मोदी और शाह ने उससे आर्टिकल 370 हटाने की बात का समर्थन करने की बात कही थी। इसके बदले में जाकिर के खिलाफ चल रहे केस बंद करने का भी ऑफर भी था।
दिग्विजय ने कहा कि सितंबर 2019 में जाकिर नाइक ने बयान में कहा था कि मोदी और शाह ने अपना एक संदेशवाहक भेजा था। इसके माध्यम से जाकिर नाइक को कहा गया था कि वह आर्टिकल 370 हटाने का समर्थन करे। इसके बदले सरकार उसके खिलाफ सारे केस बंद कर देगी और उसे भारत आने दिया जाएगा।
दिग्विजय ने पूछा कि मोदी और शाह ने जाकिर नाइक के इस बयान की निंदा क्यों नहीं की। दिग्विजय ने इस संबंध में जाकिर नाइक का एक वीडियो भी ट्विटर हैंडल पर शेयर किया। दिग्विजय ने आगे प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि जो उनसे असहमत है, उसे मनाओ, नहीं मानता है तो उसे धमकी दो, फिर भी नहीं मानता है उसे पद या पैसे की लालच दो, फिर भी नहीं मानता है तो उस पर झूठे आरोप लगा कर बदनाम करो, मान जाता है तो सारे आरोप ख़ारिज और नहीं मानता है तो उस पर राष्ट्रद्रोही होने का आरोप लगाओ और खूब प्रचारित करो, यदि ऐसा मौक़ा आता है जब उसका उपयोग किया जा सकता है तो वे वही करते हैं जिसका उल्लेख ज़ाकिर नाइक ने किया है।

जाकिर को लेकर आ चुके हैं विवाद में
दिग्विजय 2012 में इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक के कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर विवादों में घिर गए थे। इस कार्यक्रम में दिग्विजय के शामिल होने का वीडियो सामने आया था। इसमें वे इस्लामिक उपदेशक जाकिर की तारीफ करते दिख रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में कहा था, मैं खुश हूं कि जाकिर पूरी दुनिया में शांति का संदेश फैला रहे हैं। बाद में उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने की पुष्टि करते हुए कहा था, हां, मैं उस कार्यक्रम में शामिल था। ये वीडियो 2016 में जाकिर पर प्रतिबंध लगने के बाद वायरल हुआ था।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.