पुलिस के मुताबिक, भुजपुरा कलां निवासी 30 वर्षीय अशोक नामदेव पिता दौलतराम खेती-किसानी करते हैं। उनका गांव के पास ही खेत है। अशोक के खेत से मोतीलाल की कृषि भूमि है। रविवार को मोतीलाल के बटियादार जगदीश व प्रकाश ने मेढ़ पर लगे हरे-भरे पड़े काट दिए। इसके लिए उन्होंने अशोक की अनुमति नहीं ली। दोपहर करीब साढ़े चार बजे जब अशोक अपने खेत पर पहुंचा। मेढ़ पर लगे पेड़े कटे हुए मिलने पर उसने इस बात पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर खेत पर मौजूद मोतीलाल ने अपने बेटे राधेश्याम और बटियादार जगदीश व प्रकाश के साथ मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। इससे भी जब उनका मन नहीं भरा तो आरोपियों ने अशोक को दबोचा और उस पर कैरोसिन डालकर आग लगा दी। घटना में अशोक के दोनों पैर झुलस गए। उसने किसी तरह वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। घटना के बाद घायल किसान ने थाने पहुंच कर पुलिस को सूचना दी।
सालभर पहले भी हो चुका विवाद
पुलिस ने बताया कि पड़ोसी होने के कारण अशोक और मोतीलाल के बीच करीब एक साल पहले भी जमीन को लेकर विवाद हुआ था। झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को समझाइश देकर आगे से विवाद न करने की हिदायत दी थी। रविवार को दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद हो गया।