भोपाल

कोरोना से बिगड़ती स्वास्थ्य व्यवस्था पर प्रदर्शन 12 लोगों पर एफआइआर

विधायक आरिफ मसूद और आधे से ज्यादा लोग बिना मास्क दिखे, जिला प्रशासन की अनुमति नहीं मिली फिर भी किया प्रदर्शन, 12 लोगों पर एफआइआर।

भोपालSep 29, 2020 / 11:01 am

Hitendra Sharma

भोपाल. प्रदेश में बिगड़ती स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के खिलाफ सोमवार को प्रदर्शन करने उतरे प्रदर्शनकारी खुद ही व्यवस्थाओं को भूल गए। प्रशासन की ओर से रैली की अनुमति खारिज होने के बावजूद प्रदेश की बिगड़ती स्वास्थ्य व्यवस्था व केन्द्र के कृषि कानूनों का विरोध करने कांग्रेस के प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारी रेत घाट पर जमा हो गए। सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ी तो कइयों के चेहरे पर मास्क तक नजर नहीं आया।

हालात यह रहे कि सड़क पर अचानक उतरी भीड़ से न्यू मार्केट से वीआईपी रोड को जाने वाली सड़क जाम हो गई। जानकारी नहीं होने से इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालक घंटे भर से अधिक समय तक परेशान होते रहे। मध्य क्षेत्र विधायक आरिफ मसूद के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों की भीड़ मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ी तो कमला पार्क पर तैनात पुलिसबल ने प्रदर्शनकारियों को रोक कर गिरफ्तारियां की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा, अस्पतालों में कोरोना मरीज के इलाज में लापरवाही हो रही है। मरीज की अन्य बीमारियों जैसे हार्ट, किडनी व लिवर के मरीज़ों को कोरोना होने पर डॉ. ध्यान नहीं दे रहे, जिससे मृत्यु दर बढ़ रही है। कमीशनखोरी में एक करोड़ 21 लाख के थर्मामीटर, मास्क पांच करोड़ 63 लाख, सैनिटाइजऱ 5 करोड़ 58 लाख एवं ग्लव्ज़ 5 करोड़ 45 लाख रुपए के खरीदे। इनका कहां-कहां इस्तेमाल हुआ जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई।

प्रदेश कांगे्रस के आह्वान पर कमला पार्क स्थित रेत घाट पर केंद्र सरकार द्वारा पारित किसानों संबंधी कानूनों के खिलाफ कांगे्रस ने प्रदर्शन किया। केंद्र द्वारा पारित कानूनों को वापस लिए जाने की मांग का १० सूत्रीय ज्ञापन राज्यपाल को सौंपा। इस दौरान अभा कांगे्रस के सचिव सुधांशु त्रिपाठी, प्रदेश कांगे्रस उपाध्यक्ष चंद्र प्रभाष शेखर, उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, महामंत्री राजीव सिंह, भूपेन्द्र सिंह आदि थे।

अनुमति निरस्त
विधायक आरिफ मसूद के निज सचिव अब्दुल नफीस की ओर से बिगड़ती स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में 28 को इकबाल मैदान से मुख्यमंत्री निवास तक रैली निकालने की अनुमति मांगी गई थी। एसडीएम शहर जमील खान ने अनुमति निरस्त कर दिया था। इसके बाद भी रैली का आयोजन किया गया। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

12 लोगों पर एफआइआर
मध्य क्षेत्र विधायक आरिफ मसूद के साथ प्रदर्शन मामले में श्यामला हिल्स थाने ने प्रकरण दर्ज किया है। 12 लोग नामजद हैं, 50-60 अज्ञात पर प्रकरण दर्ज किया है। युवा कांग्रेस अध्यक्ष नरेन्द्र गोलू यादव, पूर्व पार्षद शाहवर मंसूरी, मेवालाल कनर्जी, सोहेल हुसैन, शेहज़ान अहमद जिम्मी, ऐहतेशाम, कुणाल गजभिए, सूफियान कुरैशी, अनवर पठान, मुबीन शीषगर, भोला, सूफियान गोल्डन आदि हैं।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.