भोपाल

पांच लाख में बनाई फूलों की दीवार, पिलर झुके

सुंदरता बढ़ाने के नाम पर घटिया काम

भोपालSep 11, 2018 / 02:08 am

Pushpam Kumar

flower wall

भोपाल. नगर निगम द्वारा बनाई गई शहर की पहली फूलों की दीवार झुकने लगी है। रविंद्र भवन परिसर अप्सरा रेस्टोरेंट के पीछे बीआरटीएस कॉरीडोर के पास इसका निर्माण किया गया है। इसके पिलर जमीन छोडऩे लगे हैं। आशंका है कि किसी दिन तेज हवा का झोंका इसे जमीन से ही न उखाड़ दे। दीवार का पिलर जनसंपर्क कार्यालय की ओर वाले कोने से जमीन से करीब पांच इंच तक उठ गया है। इस 12 फीट ऊंची दीवार को बनाने में नगर निगम की उद्यान शाखा ने करीब 5 लाख रुपए खर्च किए थे। दावा किया था कि इस दीवार से बीआरटीएस किनारे की खुबसूरती बढ़ेगी और लोगों को अच्छा महसूस होगा। लोगों को भी ये शुरुआती प्रयोग अच्छा लगा। स्मार्ट सिटी से लेकर कुछ निजी संस्थानों ने भी अपने यहां इस प्रयोग को लागू करते हुए दीवारें खड़ी की, लेकिन पहली दीवार ही संकट में आ गई है। इस दीवार का निर्माण नगर निगम की उद्यान शाखा में काम करने वाली ठेका एजेंसी नीरज कंस्ट्रक्शन ने किया था। दीवार निर्माण के दौरान उद्यान का प्रभार उपायुक्त सुधा भार्गव पर था। मौजूदा उपायुक्त उद्यान बीडी भूमरकर का कहना है कि मेरे कार्यकाल में ये काम नहीं हुआ। उन्होंने इसे दिखवाकर उचित कार्रवाई करने का कहा है।

लोगों ने खूब किया पसंद

फूलों की दीवार को लोगों ने खूब पसंद किया है। यहां की सुंदरता को निहारने कई लोग आते रहते हैं। यही कारण है कि इसे शहर में और भी जगह विकसित करने की प्लानिंग चल रही है। लेकिन सबसे पहली दीवार ही अब खतरे में पड़ती दिख रही है। लोगों का कहना है कि यहां आकर मुझे काफी अच्छा महसूस होता है।
स्मार्ट सिटी 14 लाख में बनवा रहा दीवारें
स्मार्ट सिटी ने अपने कार्यालय परिसर में फूलों की दीवार बनाई। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में इसी तरह की दीवारें बनाने की बात कह रही है। इसके लिए 14 लाख रुपए का काम देने की कवायद शुरू की है। स्मार्ट सिटी की इस कवायद का खर्च अधिकतम छह लाख रुपए आंका गया है, लेकिन 14 लाख रुपए में इसे दिया जा रहा है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.