भोपाल

विघ्नहर्ता पर भी महंगाई का असर! जानिये विभिन्न सामग्रियों के दाम

बीते साल की तुलना में इस बार कीमतों में 30 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोत्तरी हुई, मजदूरी के दाम भी बढ़ गए…

भोपालAug 05, 2018 / 09:13 am

Bhalendra Malhotra

विघ्नहर्ता पर भी महंगाई का असर, प्रतिमाओं से लेकर पूजन सामग्री सब महंगे

भोपाल. बढ़ती महंगाई का असर विघ्नहर्ता पर पड़ेगा। मिट्टी से लेकर बांस व पूजन सामग्री तक सब कुछ महंगी मिल रही है। बीते साल की तुलना में इस बार कीमतों में 30 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोत्तरी हुई है। मजदूरी के दाम भी बढ़ गए हैं।
इससे इस वर्ष भक्तों को मूर्ति खरीदते समय जेब और ढीली करनी पड़ेगी। मूर्तिकारों का कहना है कि जीएसटी और मालभाड़े में वृद्धि के साथ-साथ प्रतिमाओं में इस्तेमाल होने वाली सामग्री महंगी होने से प्रतिमाओं के दाम बढ़ाना मजबूरी है। गौरतलब है कि शहर में गणेश और दुर्गा उत्सव के लिए प्रतिमाएं आकार लेने लगी हैं।
मिट्टी का दाम पांच से छह हजार रुपए ट्राली
मूर्तिकार राकेश प्रजापति ने बताया कि बीते साल लाल मिट्टी प्रति ट्राली चार हजार रुपए थी। अब पांच से छह हजार रुपए में मिल रही है। रंगों की कीमतें भी बढ़ गई हैं। गणपति की मूर्ति बनाते समय कलाकुसरी का काम करने वाले कारीगरों की मजदूरी के दाम भी बढ़ गए हैं। इससे गणपति की प्रतिमाओं के निर्माण पर खर्च ज्यादा आ रहा है।
यहां बन रही प्रतिमाएं

हबीबगंज नाका, माता मंदिर, टीन शेड, मैनिट चौराहा सहित पुराने शहर में अनेक स्थानों पर प्रतिमाएं बनाई जा रही हैं। इसके लिए गंगा की मिट्टी कोलकाता से आती है। मूर्ति निर्माण में अपयोग होने वाली घास औबेदुल्लागंज, होशंगाबाद, बैतूल सहित आसपास के शहरों से मंगाई जाती है।
अगरबत्ती से लेकर चंदन तक सब महंगे
महंगाई की मार प्रतिमाओं पर ही नहीं, बल्कि पूजन सामग्री पर भी पड़ी है। बीते साल की तुलना में यह समग्री 30 फीसदी महंगी मिल रही हैं। बीते साल नारियल की कीमत प्रतिनग 14 रुपए थी, जो बढ़कर 17 से 18 रुपए हो गई है। सिंदूर, चंदन, घी की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं। व्यवसायी मदन नेमा ने बताया कि ग्राहक हमसे पुराने दामों पर माल मांगते हैं। इस बार धंधा मुश्किल हो रहा है।
आइटम – 2017 (रु./किलो) – 2018(रु./किलो)

घी (भवानी) – 340 – 425
काला तिल – 120 – 150

कलश – 31 (पीस) – 57(पीस)
मधु – 165 प्रति किलो – 180 प्रति किलो

काजू – 480 – 550
बादाम – 810 – 900
किशमिश – 200 – 260
प्लास्टिक माला – 25 – 40

चुनरी – 40 (छोटी) – 60 (छोटी)

Home / Bhopal / विघ्नहर्ता पर भी महंगाई का असर! जानिये विभिन्न सामग्रियों के दाम

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.