scriptचुनाव में खराब प्रदर्शन पर गौरी पर गिरी गाज | Gauri on the poor performance of the election | Patrika News

चुनाव में खराब प्रदर्शन पर गौरी पर गिरी गाज

locationभोपालPublished: Jan 23, 2019 10:58:07 pm

Submitted by:

anil chaudhary

समाजवादी पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी भंग

बहुजन समाज पार्टी की राह पर सपा, लोकसभा से पहले गठित होगी नई कार्यकारिणी
भोपाल. विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के चलते समाजवादी पार्टी ने अपने पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गौरी सिंह यादव को पद से हटा दिया है। साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी सहित अन्य कमेटियों को भंग कर दिया है। पार्टी जल्द ही नए चेहरे के साथ प्रदेश में लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटेगी।
यह कार्रवाई समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने की है। कांग्रेस से गठबंधन नहीं होने के बाद पार्टी ने डेढ़ सौ से अधिक सीटों पर प्रत्याशी उतारने का निर्णय किया था, लेकिन प्रदेश इकाई 56 सीटों पर ही उम्मीदवार खड़े कर सकी थी। गौरी सिंह यादव सिलवानी विधानसभा सीट से लड़े थे, लेकिन उन्हें महज 3606 वोट मिले। भाजपा और कांग्रेस के कई बड़े नेताओं को पार्टी में लिए जाने के बाद भी समाजवादी पार्टी को एकमात्र बिजावर सीट पर जीत मिली थी। हालांकि, कांग्रेस को बहुमत नहीं मिलने के कारण समाजवादी पार्टी ने समर्थन देकर खुद को किंगमेकर की भूमिका में पार्टी देख रही है, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व का मानना है कि सीटों की संख्या अधिक होती तो समीकरण कुछ अलग होते।
– ये हैं दावेदार
सूत्रों के अनुसार प्रदेश समाजवादी पार्टी के नए अध्यक्ष की नियुक्ति इस माह के अंत तक हो जाएगी। पार्टी नई टीम के साथ लोकसभा चुनाव में उतरना चाहती है। साथ ही उत्तर प्रदेश में बसपा से हुए गठबंधन की मध्यप्रदेश में भी संभावना टटोली जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष के लिए फिलहाल जो नाम उभरकर आए हैं, उनमें दीपनारायण यादव, केके सिंह और नरेंद्र सिंह कुशवाह प्रमुख हैं। दीप नारायण पहले भी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। केके सिंह समाजवादी पार्टी से विधायक रहे हैं और पूर्व विधायक कुशवाह हाल के विधानसभा चुनाव में भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में आए हैं। कुशवाह और सिंह को पार्टी लोकसभा चुनाव में भी उतारने की तैयारी कर रही है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो