scriptसरकार बदलने के बाद सोशल मीडिया का ग्राफ | Graph of social media after changing the government | Patrika News

सरकार बदलने के बाद सोशल मीडिया का ग्राफ

locationभोपालPublished: Apr 09, 2020 05:07:01 pm

Submitted by:

Arun Tiwari

मुख्यमंत्री बनने के बाद सवा लाख बढ़े शिवराज के फॉलोवर्स, कमलनाथ के समर्थकों में डेढ़ लाख का इजाफा

 

सरकार बदलने के बाद सोशल मीडिया का ग्राफ

सरकार बदलने के बाद सोशल मीडिया का ग्राफ

भोपाल : प्रदेश में सरकार बदलने के बाद भी भाजपा और कांग्रेस के दो सबसे बड़े चेहरे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ लगातार चर्चा में हैं। चौथी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद पिछले 15 दिनों में शिवराज सिंह चौहान के ट्विटर हैंडल पर फॉलोवर्स की संख्या सवा लाख ज्यादा हो गई है। उनके कुल फॉलोवर्स 60 लाख से ज्यादा हैं। फेसबुक पर भी शिवराज का जलवा बरकरार हैं। शिवराज सिंह चौहान ने सीएम बनने के बाद फेसबुक लाइव किया था तो वो 23 लाख 58 हजार लोगों तक पहुंचा था। वे रोजाना औसतन 15 ट्वीट करते हैं जिनमें अधिकांश कोरोना से जुड़े होते हैं।
वहीं मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद भी कमलनाथ की लोकप्रियता बरकरार है। उनके ट्विटर हैंडल पर डेढ़ लाख फॉलोवर्स में इजाफा हुआ है। 15 दिन पहले कमलनाथ के फॉलोवर्स 4 लाख 90 हजार थे जो अब बढ़कर 6 लाख 42 हजार हो गए हैं। वे औसतन तीन से चार ट्वीट करते हैं। कमलनाथ पहले भी लगभग इतने ही ट्वीट किया करते थे।

कांग्रेस ने शुरु किया सोशल वॉर :
लॉकडाउन के इस दौर में कांग्रेस ने सोशल मीडिया का सहारा लिया है। कांग्रेस अपने इसी माध्यम के जरिए उपचुनावों की तैयारी में जुटी है। कांग्रेस का फोकस ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके 22 समर्थक पूर्व विधायक हैं जिन्होंने प्रदेश में कमलनाथ सरकार का तख्ता पलट कर दिया। कांग्रेस की आईटी सेल ने एक अपने कार्यकर्ताओं को एक पत्र जारी किया है जिसमें लिखा है कि आप सभी जानते हैं कि किस तरह हमारे 22 विधायकों ने भारतीय जनता पार्टी से बड़ी मात्रा में पैसे लेकर हमारे और आप सभी की 15 साल की मेहनत का सौदा कर लिया। हम जानते हैं कि आप सभी हताश हैं, निराश हैं, और इस वक्त सिर्फ़ और सिर्फ़ इस अफ़सोस में जी रहे हैं कि हमने ऐसे लोगों को क्यों चुना जिन्होंने चंद रुपयों के लिए अपना ज़मीर बेच दिया।आप सभी को इतना करना है कि इन बिकाऊ जयचंदों से हर जगह सवाल करें कि इन्होंने आपके वोट का सौदा क्यों किया, यदि आप इन जयचंदों के विधानसभा क्षेत्र में नहीं रहते हैं तो आप इनसे सोशल मीडिया पर सवाल करिए कि इन्होंने लोकतंत्र की नीलामी क्यों की, इन 24 विधानसभा क्षेत्रों में रहने वाले अपने सभी रिश्तेदारों एवं परिचितों से फ़ोन पर बात करिए और उन्हें बताइए कि इन जयचंदों ने केवल उन्हें धोखा नहीं दिया है बल्कि पूरे मध्य प्रदेश की जनता को धोखा दिया है।

भाजपा का जवाबी हमला :
भाजपा आईटी सेल भी केंद्र और राज्य सरकार के कामकाज का प्रचार कर कांग्रेस के इस पूरे अभियान का जवाब दे रही है। भाजपा अपने ट्विटर हैंडल पर ज्योतिरादित्य सिंधिया के ट्वीट और वीडियो भी डाल रही है। भाजपा का अभी पूरा फोकस सरकार के सामने खड़ी कोरोना की चुनौती को लेकर है। भाजपा के ट्विटर पर सांसदों के संदेश से लेकर हिंदू,मुस्लिम,सिक्ख और ईसाई धर्मगुरुओं के संदेश भी प्रसारित किए जा रहे हैं। भाजपा ट्विटर पर उन कामों को भी गिना रही है जो 15 साल की भाजपा सरकार ने किए हैं। शिवराज सिंह चौहान के लोकप्रिय फैसलों को भी जनता के बीच लाया जा रहा है। भाजपा ने इस बात की भी बड़े पैमाने पर तैयारी की है जनता के बीच ये संदेश प्रसारित किया जाए कि किस तरह झूठे वचनों का छलावा देकर कांग्रेस ने प्रदेश में सरकार बनाई थी। न किसानों का कर्ज माफ हुआ और न बेरोजगारों को कोई रोजगार मिला।


हमारी सरकार गिरने का कारण प्रलोभन और आपसी स्वार्थ था। हम सोशल मीडिया के जरिए ये पूरी हकीकत जनता के बीच ले जाएंगे। जनता को बताएंगे कि कांग्रेस के नाम वोट लेने वाले इन लोगों ने किस तरह उनको धोखा दिया है। – जीतू पटवारी अध्यक्ष,मीडिया विभाग,कांग्रेस

– हम अभी पूरी तरह कोरोना को लेकर सरकार के प्रयासों को जनता तक पहुंचा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों के अलावा धर्मगुरुओं से भी अपील करवाई जा रही है। कांग्रेस पर जवाबी हमले के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं। जनता को ये भी पता लगना चाहिए कि किस तरह वचन के नाम पर उनके साथ छल हुआ था।
– शिवराज डाबी संयोजक, आईटी सेल,भाजपा –
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो