भोपाल

सीएम हाउस के पास गांधी भवन में हवाई फायर कर फैलाई दहशत, मामला दर्ज

करणी सेना के कार्यकर्ता सम्मेलन में हर्ष फायरिंग

भोपालFeb 06, 2019 / 01:34 am

Sumeet Pandey

सीएम हाउस के पास गांधी भवन में हवाई फायर कर फैलाई दहशत, मामला दर्ज

भोपाल. सीएम हाउस के पास मंगलवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब गांधी भवन परिसर में अचानक फायरिंग होने लगी। दहशत से पॉलीटेक्निक चौराहा, सीएम हाउस मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। श्यामला हिल्स पुलिस ने गांधी भवन के मैनेजर पवन कुमार की शिकायत पर केस दर्ज किया है। फिलहाल, आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। बताया गया कि फायर की आवाज सुन कर सीएम हाउस में लगे सुरक्षाकर्मी पूरी तरह अलर्ट हो गए। जानकारी के मुताबिक, गांधी भवन में मंगलवार दोपहर करणी सेना का कार्यकर्ता सम्मेलन चल रहा था। जिसमें प्रदेशभर से पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित थे। दोपहर करीब सवा तीन बजे कार्यक्रम हॉल के बाहर गोली चलने लगी। हवा में लगातार दो फायर हुए। इसी बीच कार्यक्रम हॉल से जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह उर्फ पिंटू चौहान बाहर निकले। उन्होंने फायरिंग करने वाले युवकों को समझाइश दी। इसके बाद फायरिंग करने वाले दो युवक बंदूक समेत कार में बैठकर चंपत हो गए। थोड़ी देर बाद पहुंची पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजकों से पूछताछ की लेकिन किसी ने आरोपियों के नाम नहीं बताए। हालांकि घटना स्थल के पास से पुलिस ने कारतूस का खोखा बरामद किया है। पुलिस ने गांधी भवन के मैनेजर पवन कुमार की शिकायत पर जीतेन्द्र सोलंकी नाम के युवक व उसके दो साथियों पर फायरिंग का केस दर्ज किया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी करणी सेना के आयोजन में शामिल होने आए होंगे।
 

सोशल मीडिया: हे! राम रघुकुल की यह कैसी रीति…

फायरिंग करने वालों का पुलिस को दो वीडियो मिले हैं। इसमें दो लोग बंदूक लिए दिख रहे हैं। इनमें एक फायर करते हुए भी दिख रहा है। फायरिंग के बाद परिसर के पास बने कॉटेज में बैठे लोग भागते दिख रहे हैं। इधर, सोशल मीडिया में इस दुस्साहस का लोगों ने विरोध जताया। एक वाट्सऐप यूजर्स ने लिखा कि हे! राम अहिंसा के इस मंदिर में रघुकुल की रीति पर चलने वालों की यह कैसी रीति है।
गांधी भवन के मैनेजर की शिकायत पर एक आरोपी के खिलाफ नाम दर्ज केस दर्ज किया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। फिलहाल, गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

– आनंद तिवारी, टीआई, श्यामला हिल्स
मेरी जानकारी में फायरिंग की बात नहीं आई है। मैं अंदर कार्यक्रम को संबोधित कर रहा था, पटाखे चलने जैसी आवाज आई थी, लेकिन कोई हर्ष फायरिंग हुई है, ऐसा कुछ नहीं है। फिर भी मैं इस मामले में पदाधिकारियों से चर्चा करूंगा।
– लोकेंद्र सिंह कालवी, संस्थापक राजपूत करणी सेना
करणी सेना का कार्यकर्ता सम्मेलन था, इसमें मुझे जिलाअध्यक्ष से प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसी खुशी में कुछ कार्यकर्ताओं ने हर्ष फायर किया। इसमें पूरे प्रदेश से लोग आए थे, किसने हर्ष फायर किया, ये पता नहीं है।
– धर्मेंद्र सिंह पिंटू चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष करणी सेना ड्ड

Home / Bhopal / सीएम हाउस के पास गांधी भवन में हवाई फायर कर फैलाई दहशत, मामला दर्ज

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.