scriptइस बार 10 दिन की होगी गुप्त नवरात्रि, शक्तिपीठों में की जाएगी तंत्र-साधना | gupt Navaratri 2019 | Patrika News

इस बार 10 दिन की होगी गुप्त नवरात्रि, शक्तिपीठों में की जाएगी तंत्र-साधना

locationभोपालPublished: Jan 31, 2019 01:31:30 am

Submitted by:

Bharat pandey

पांच फरवरी से होगी शुरुआत, दो दिन रहेगी द्वितीया तिथि

gupt Navaratri 2019

gupt Navaratri 2019

भोपाल। तंत्र मंत्र साधना और कार्यसिद्धि के लिए विशेष महत्वपूर्ण गुप्त नवरात्र 5 फरवरी से शुरू हो रहे हैं। इस बार गुप्त नवरात्र दस दिन के होंगे। नवरात्र का समापन 14 फरवरी को नवमी के साथ होगा। द्वितीया तिथि दो दिन होने के कारण गुप्त नवरात्र में एक दिन अधिक रहेगा और नवरात्र नौ के बजाए दस दिन के होंगे।

 

ज्योतिष विद्वानों का मानना है कि गुप्त सिद्धियों की प्राप्ति के लिए गुप्त नवरात्र में भी मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना के साथ ही 10 महाविद्या की पूजा की जाती है। खास तौर पर गुप्त नवरात्र में तंत्र साधना की जाती है। बृह्म शक्ति ज्योतिष संस्थान के ज्योतिषाचार्य पं. जगदीश शर्मा के मुताबिक नौ दिनों तक मां दुर्गा के माता के मंत्रों में से किसी भी एक मंत्र का जप करने से हर मनोकामना पूरी होती है। मां दुर्गा के कुछ विशेष कामना पूर्ति मंत्रों का वर्णन देवी भागवत पुराण में मिलता है। इन मंत्रों का गुप्त नवरात्र में जप करने से संतान सुख, रोग, दरिद्रता, धन आदि की सभी समस्या का निवारण होता है। गुप्त नवरात्रि आषाढ़ और माघ माह के शुक्ल पक्ष में मनाई जाती है। तंत्र पूजा के लिए गुप्त नवरात्रि को बहुत खास माना जाता है।

 

ये हैं 10 महाविद्याएं
गुप्त नवरात्रि की पूजा के नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की बजाय दस महाविद्याओं की पूजा की जाती है। ये 10 महाविद्याएं मां काली, तारा देवी, त्रिपुर सुंदरी, भुवनेश्वरी, छिन्नमस्ता, त्रिपुर भैरवी, मां धूमावती, बगलामुखी, मातंगी और कमला देवी हैं।

 

साल में चार बार आते हैं नवरात्र
पूरे साल में चार बार नवरात्र आते है, इसमें दो बार प्रकट नवरात्र आते हैं और दो बार गुप्त नवरात्र आते हैं। पंडित विष्णु राजौरिया के अनुसार चैत्र और अश्विन माह में आने वाले नवरात्र प्रकट नवरात्र होते हैं, जो आराधना के लिए विशेष फलदायी माने गए हैं। इसमें मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना होती है। इसी प्रकार आषाढ़ और माघ माह में गुप्त नवरात्र आते हैं, गुप्त नवरात्र गुप्त साधना के लिए विशेष फलदायी माने गए हैं। इस नवरात्र में साधना करने से मनोकामना पूर्ति होती है। इसमें दस महाविद्याओं की साधना की जाती है। तिथि बढ़ा हुआ नवरात्र अत्यंत श्रेष्ठ फलदायी है।

मां वैष्णवधाम मंदिर में होगा लक्ष्मीनारायण महायज्ञ
टीन शेड स्थित मां वैष्णवधाम आदर्श नौ दुर्गा मंदिर में गुप्त नवरात्र में लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन 5 फरवरी से शुरू होगा, जो 14 फरवरी तक चलेगा। गुप्त नवरात्रि में होने वाले इस महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे और सुख, समृद्धि, शांति, मनोकामना पूर्ति के लिए महायज्ञ में आहुतियां डालेंगे। मंदिर के पं. चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि मंदिर में स्वर्ण कलशारोहण की वर्षगांठ और गुप्त नवरात्र के उपलक्ष्य में यह आयोजन किया जा रहा है। 13 फरवरी को पूर्णाहूति एवं रात्रि में देवी जागरण होगा, इसी प्रकार 14 फरवरी को भंडारे के साथ इसका समापन होगा।

ट्रेंडिंग वीडियो