भोपाल

8 साल बाद टूटा रिकॉर्ड, सुबह 11 से शाम 7 बजे तक 40 डिग्री से ज्यादा रहा पारा

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जारी रहेगा गर्मी का सितम, लू चलने की भी आशंका

भोपालApr 29, 2019 / 10:36 am

KRISHNAKANT SHUKLA

hottest day

भोपाल. पांच दिन से लगातार पड़ रही भीषण गर्मी ने राजधानी में रविवार को आठ साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वर्ष 2010 के बाद यह पहला मौका है, जब भोपाल में अधिकतम तापमान 43 डिग्री पहुंचा हो। रविवार को अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री दर्ज किया गया।

इसके पहले वर्ष 2010 में 18 अप्रेल को दिन का तापमान 43.4 डिग्री पहुंचा था। रविवार को धूप के तीखेपन और गर्मी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सुबह 11 बजे 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा पारा शाम 07 बजे तक इससे नीचे नहीं पहुंचा था।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक उदय सरवटे के अनुसार दो दिन राहत की उम्मीद नहीं है। तापमान के 43 डिग्री के आसपास ही रहने का अनुमान है। कुछ वैज्ञानिकों का मानना है कि दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। यह एक-दो दिन में 44 डिग्री के आंकड़े को छू सकता है।

गर्मी की वजह: हवाओं का रुख बदलने वाला फैक्टर गायब

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में लगभग पूरे प्रदेश में पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। भीषण रूप से तप रहे राजस्थान के रेगिस्तान से झुलसाने वाली हवाओं का रुख बदल सके,ऐसा कोई फैक्टर फिलहाल नहीं है।

तीन दिन बाद कुछ राहत की उम्मीद
राजधानी सहित प्रदेश में एक मई तक ही राहत की कुछ उम्मीद की जा सकती है। एक पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र से आ रहा है। इसके असर से हवाओं की दिशा में परिवर्तन की उम्मीद है। जिससे तापमान कुछ कम हो सकता है।

दिन भर के तापमान में उतार-चढ़ाव

समय तापमान
सुबह
05.30 बजे 27.0
08.30 बजे 33.0
दोपहर
11.30 बजे 40.4
02.30 बजे 42.2
शाम
05.30 बजे 42.0

तारीख एवं वर्ष अधिकतम
29 अप्रेल 2018 42.8
18 अप्रेल 2017 42.7
17 अप्रेल 2016 42.6
20 अप्रेल 2015 42.5
28 अप्रेल 2014 42.1

30 अप्रेल 2013 42.4
04,11 अप्रेल 2012 40.7
30 अप्रेल 2011 41.2
18 अप्रेल 2010 43.4
30 अप्रेल 2009 44.0

Home / Bhopal / 8 साल बाद टूटा रिकॉर्ड, सुबह 11 से शाम 7 बजे तक 40 डिग्री से ज्यादा रहा पारा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.