scriptअनदेखी : इंतजामों की कमी, खरीदारों-दुकानदारों को हो रही परेशानी | Ignoring: lack of arrangements, buyers and shopkeepers are having trou | Patrika News

अनदेखी : इंतजामों की कमी, खरीदारों-दुकानदारों को हो रही परेशानी

locationभोपालPublished: May 20, 2018 06:57:50 pm

रात होते ही घिर जाती है सडक़

sadak

अनदेखी : इंतजामों की कमी, खरीदारों-दुकानदारों को हो रही परेशानी

भोपाल। दिन चढऩे के साथ बाजार की रौनक निखरते तो सुना है लेकिन पुराने शहर का एक बाजार ऐसा भी है जिसकी रौनक रात होने के साथ बढ़ जाती है। जिम्मेदारों की अनदेखी इसे फीका कर रही है। चौराहों पर पुलिस तो है लेकिन नियमों का पालन नहीं हो रहा है। आधी रात को बीच सडक़ पर वाहन लगे हैं तो दूसरी तरफ तंग गलियां घेर दी गईं।

त्योहार की खरीदारी के लिए आने वालों की मुसीबत बढ़ रही है। रमजान माह के चलते पुराने शहर में आधी रात के बाद तक बाजार खुल रहा है। यहां आने वालों को परेशानी न हो इसके लिए यहां व्यवस्था बनाने पुलिस और नगर निगम को निर्देश हैं। रात के इस बाजार का हाल जानने जब रात 10 से करीब 1 बजे तक जायजा लिया तो कई व्यवस्थाएं मिली। पार्किंग के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई। वहीं सुरक्षा के लिए पुलिस चौराहों पर ही नजर आई।

बुधवारा रात 10.30 बजे सुल्तानिया रोड

इब्राहिमपुरा से बुधवारा के बीच कई वाहन बेतरतीब खड़े थे। यहां पार्किंग के इंतजाम होते हैं लेकिन इसकी परवाह किसी को नहीं थी। यहां आने वाले कई लोग वाहन पार्क करने परेशान दिखे। कई दुकानें आधी सडक़ तक थी इससे भी पार्किंग स्पेस दब गया। यहां से कुछ दूर कुछ प्वाइंट पर पुलिसकर्मी तैनात दिखे। व्यवस्था बनाने के लिए इनमें कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।

market

बाजार में इंतजाम की दरकार, भीड़ बढऩे के साथ होगी परेशानी

बाजार की अभी शुरुआत है। एक सप्ताह बाद यहां आने वालों की संख्या लगभग दोगुना हो जाएगी। बाजार खुलने का समय भी बढ़ेगा। यहां भीड़ और बढ़ेगी। ऐसे में अगर सही इंतजाम न हुए तो परेशानी बढ़ जाएगी। यहां के प्रमुख इंतजामों में पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था है। पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण देर रात तक यहां जाम के हालात बन जाते हैं।

हर रोज 20 से 25 हजार लोगों की आवाजाही

इन दिनों पुराने शहर के इस बाजार में हर रोज बीस से 25 हजार लोगों की आवाजाही है। इस पूरे बाजार में करीब दो हजार दुकानें हैं। इनमें से कई ऐसी हैं जो अस्थाई रूप से खुल गईं हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही और उनके वाहनों की व्यवस्था करने कुछ नए प्वाइंट बनाने की बात कही जा रही है।

इतवारा चौराहा रात 12 बजे

आधी रात के समय तक यहां चहल पहल थी। करीब दो दर्जन दुकानें हैं इनमें से कई सीमा से बाहर थी ऐसे में आवाजाही प्रभावित हुई। इस समय यहां कई भारी वाहनों की आवाजाही भी होने लगी थी। ट्रांसपोर्ट एरिया से लगे होने के कारण जाम जैसे हालात बन रहे थे।

काजी कैम्प – रात 12.30 बजे

यहां तो समान्य दिनों में रात के समय दुकानों के कारण रास्ता जाम हो जाता था, लेकिन रमजान के चलते दुकानों की संख्या ओर बढ़ गई है। यहां दुकानें भी सीमा के काफी बाहर तर फैलने से आवागमन में लोगों के समस्या हो रही है।

रमजान में तरावीह की नमाज के बाद ही लोगों को समय मिलता है। उसी वक्त व खरीदारी व खानपान के लिए बाहर निकलते हैं। प्रशासन को सुरक्षा व आवागमन की व्यवस्था को कंट्रोल करना चाहिए। जिससे किसी को भी परेशानी न हो।
-डॉ. औसाफ शाहमीरी खुर्रम, अध्यक्ष, मुस्लिम त्योहार कमेटी

रात में कुछ बाजारों को खुलने की छूट के साथ सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। अधिकारी लगातार बाजार की व्यवस्था का जायजा भी ले रहे हैं। त्योहार के मद्देनजर जहां भी अव्यवस्था होगी उसे सुधारा जाएगा।
-राजेश भदौरिया, एएसपी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो