इन जोन को नदियों पर बेतवा, नर्मदा, क्षिप्रा, तवा, माही, केन, सोन, चंबल और सिंध नाम दिया है। जिला प्रशासन योग दिवस को भव्य बनाने की पूरी तैयारियां कर रहा है। रविवार को कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे, एसपी विकास शाहवाल, सीइओ पीसी शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने स्तूप पहुंचकर स्कूली बच्चों के साथ अभ्यास किया। साथ ही आयोजन को लेकर समीक्षा की। इस आयोजन में केंद्रीय राज्य मंत्री भानू प्रताप सिंह शामिल होंगे।
नदियों के नाम पर बनाए खंडों में 2000 से अधिक लोग योगाभ्यास करेंगे। आजादी के अमृत महोत्सव 75वीं वर्षगांठ के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे विश्व में मनाया जा रहा है। भारत सरकार ने इस दिवस पर देश के 75 ऐतिहासिक स्थल एवं धरोहरों पर बड़े स्तर पर आयोजन करने का निर्णय लिया है। इन 75 स्थलों में मध्यप्रदेश के 4 स्थान अमरकंटक, खजुराहो, ग्वालियर फोर्ट व सांची शामिल हैं।
सांची की महत्ता को दृष्टिगत रखते हुए आयोजन की तैयारियां की जा रही है। कलेक्टर दुबे ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण करते हुए सभी को अलग-अलग स्थान आवंटित कर योग प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए। योग दिवस पर स्कूल शिक्षा विभाग से 800, जिला पुलिस से 100, वन विभाग से 100, उत्कृष्ट विद्यालय सांची से 150, कन्या विद्यालय सांची से 100, कर्मचारी, अधिकारी, शिक्षक 235, हॉकी फीडर सेंटर मंडीदीप और खेल विभाग से 250, पॉलिटेक्निक कॉलेज रायसेन से 100 लोगों के अलावा अन्य विभागों, स्कूलों से बच्चे शामिल होंगे।