script4 अक्टूबर के बाद लग सकती है चुनाव आचार संहिता | model cod of conduct may be implify after 4th september | Patrika News

4 अक्टूबर के बाद लग सकती है चुनाव आचार संहिता

locationभोपालPublished: Sep 27, 2018 01:54:07 pm

Submitted by:

harish divekar

आयोग ने आज मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया


मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए 4 अक्टूबर के बाद कभी भी लग सकती है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। आयोग ने आज मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया है, इसके पहले ईवीएम और वीवीपैट की जांच का काम पूरा कर लिया गया है। चुनाव में कितने अधिकारी—कर्मचारियों की ड्यूटी कहां लगेगी इसका डेटाबेस भी तैयार है। संभावना जताई जा रही है कि 4 अक्टूबर के बाद कभी भी चुनाव आचार संहिता लग सकती है। नवंबर के अंत में चुनाव हो सकते हैं। मध्यप्रदेश के साथ राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मिजोरम में भी विधानसभा चुनाव होना हैं।
पिछले विधानसभा चुनाव में 4 अक्टूबर को आचार संहिता लागू हुई थी। सूत्रों का कहना है कि आमतौर पर चुनाव आयोग शुक्रवार को चुनाव की तैयारियों का एलान करता है। पांच अक्टूबर को शुक्रवार है, इसलिए संभावना है कि आचार संहिता इसी दिन से प्रभावी हो सकती है।
राजनीतिक प्रेक्षकों का मानना है कि यह समय चुनाव की दृष्टि से सबसे अनुकूल है।

पार्टियां चाहती हैं कि वोटिंग से पहले ही दिवाली (7 नवंबर) और ईद (21 नवंबर) के त्योहार हो जाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग मतदान में हिस्सा ले सकें। मध्यप्रदेश में एक और छत्तीसगढ़ में दो चरणों में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। त्योहारों को देखते हुए मतदान दिसंबर के पहले पखवाड़े में एक चरण में कराया जा सकता है।

29 की कैबिनेट में बडे प्रस्तावों पर मुहर
अक्टूबर के पहले सप्ताह में आचार संहिता लगने की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार 29 सितंबर को संभवत: अपनी आखिरी कैबिनेट करने जा रही है। इसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई जा सकती है।

मुख्यमंत्री से लेकर सभी मंत्रियों ने भी जल्दी जल्दी भूमि पूजन करना शुरु कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि आचार संहिता से पहले सीएम मेट्रो प्रोजेक्ट की भी आधारशिला रख सकते हैं।


भाजपा—कांग्रेस ने फूंका बिगूल
आचार संहिता लगने से पहले भाजपा—कांग्रेस ने सिंतबर माह में भोपाल से चुनावी बिगुल फूंक दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह भोपाल का दौरा कर चुके हैं। राहूल आज चित्रकुट के कामतानाथ मंदिर पहुंचे हैं वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 3 अक्टूबर को इंदौर पहुुंच रहे हैं। संभावना जताई जा ही है कि आचार संहिता से पहले ही कांग्रेस अपनी पहली सूची जारी कर सकती है, वहीं सूत्रों के अनुसार बीजेपी चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद प्रत्याशियों के नाम का ऐलान करेगी।

ट्रेंडिंग वीडियो