script

MP BY ELECTION RESULT 2018 : कांग्रेस की धमाकेदार वापसी, ध्वस्त हुआ BJP का हर दावा

locationभोपालPublished: Feb 28, 2018 11:58:26 pm

Submitted by:

rishi upadhyay

कांग्रेस और भाजपा के बीच हुए सीधे मुकाबले में कांग्रेस ने कोलारस सीट से भी एकतरफा जीत हासिल कर ली है।

mp election

भोपाल। ताबड़तोड़ रैलियां, बेबाक बयानबाजी, हर तरह की लुभाने वाली कोशिश भी वोटर्स को भाजपा की ओर खींच नहीं पाई। मुकाबला शिवराज बनाम सिंधिया का था और सिंधिया के क्षेत्र में था। जाहिर सी बात है कि भाजपा के लिए राह आसान नहीं थी, लेकिन कांग्रेस की जीत इतनी जोरदार होगी, ये किसी ने सोचा भी नहीं था। कांग्रेस और भाजपा के बीच हुए सीधे मुकाबले में कांग्रेस ने कोलारस सीट से भी एकतरफा जीत हासिल कर ली है। कोलारस सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी महेन्द्र सिंह यादव ने भारतीय जनता पार्टी के देवेन्द्र जैन को 8000 से भी ज्यादा वोटों से करारी मात दी है।

 

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार महेंद्र सिंह यादव ने जीत हासिल की। इस सीट पर महेंद्र सिंह यादव के पिता रामसिंह यादव के निधन की वजह से चुनाव हुआ था। महेंद्र सिंह यादव पहले राउंड के बाद से ही लगातार आगे चल रहे थे। कुछ राउंड में भाजपा के उम्मीदवार को बढ़त मिली थी, लेकिन फिर भी वह कांग्रेस उम्मीदवार को कभी भी पीछे छोड़ने में कामयाब नहीं हुए।

 

कोलारस की इस सीट पर भाजपा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया की बुआ और राज्य की कैबिनेट मंत्री ने भी जमकर प्रचार किया था। लेकिन वे अपनी पार्टी को जीत दिलाने में नाकाम रहीं। पूरी मतगणना में सिर्फ पहले राउंड में बढ़त के बाद देवेन्द्र जैन के वोटों की संख्या कम होती चली गई। पूरी मतगणना के दौरान दोनों ही पार्टियों में ज्यादा फर्क नहीं था और लग रहा था कि कभी भी भाजपा, कांग्रेस को ओवरटेक कर सकती है। लेकिन ये कयास, सिर्फ कयास ही रह गया और जीत का सेहरा कोलारस में भी कांग्रेस के सिर पर ही बंधा।

 

इस जीत के पीछे कई सारे कारण नजर आते हैं, जिनमें भाजपा के कमजोर प्रत्याशी, कांग्रेस के इमोशनल कार्ड और सिंधिया के राजनीतिक रसूख को सबसे ज्यादा प्रमुखता दी जा सकती है। बहरहाल कारण जो भी हैं, एक बात तो तय है कि आगामी विधानसभा चुनाव के सन्दर्भ में बीजेपी के लिए ये कोई अच्छी खबर नहीं है।

 

बीजेपी के लिए आज का दिन दोहरी विफलताओं साबित हुआ है। एक तरफ जहां पूरी पार्टी कोलारस और मुंगावलों सीटों को अपनी झोली में डालने के लिए जुट गई थी, उसका कोई भी फर्क यहां के नतीजों पर नहीं पड़ा। ये बात बीजेपी के लिए सबसे ज्यादा चौंकाने वाली है। चौंकाने से ज्यादा महत्वपूर्ण बात ये है कि बीजेपी को अब शायद अपनी रणनीति भी बदलनी पड़ सकती है। क्योंकि बीजेपी के पास इस बात का बहाना कि ये दोनों सीटें कांग्रेस के खाते वाली रही हैं, लेकिन यदि वाकई इस हार का कारण यही है तो उन तमाम रैलियों, रोडशो, सभाओं और दावों का क्या हुआ, जो सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के नेता यहां से कर के गए हैं।

 

बहरहाल नजर डालते हैं कि दिन भर किस तरह आज कांग्रेस और बीजेपी के खेमे में आंकड़ों को लेकर उठापटक चलती रही। आंकड़ों पर नजर डालें तो दिन भर में शायद ही कोई एक ऐसा मौका आया था, जबकि भाजपा ने कांग्रेस से बढ़त बनाई हो। पहले ही राउंड में आगे हुई कांग्रेस ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। कुछ चरणों में कांग्रेस के आंकड़े कम होते नजर आए, लेकिन आखिर तक पहुंचते पहुंचते भाजपा पीछे ही रही। मुंगावली के नतीजे आने के बाद भी कोलारस में 15वें चरण की मतगणना चल रही थी, जिसमें सामने आया कि कांग्रेस अब एक अजेय बढ़त बना चुकी है।

 

24 फरवरी को दोनों विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए वोटिंग हुई थी। कोलारस में 22 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे, जिनके लिए 70.4 फीसदी वोटिंग हुई थी। मतगणना के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कोलारस उपचुनाव के वोटों की गिनती 23 राउंड में हुई। प्रदेश के शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव परिणाम को बड़ी ही संजीदगी से देखा जा रहा था क्योंकि इस साल के अंत में प्रदेश में विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसलिये इस उपचुनाव को आम चुनाव का सेमी फायनल माना जा रहा था।

 

ये क्षेत्र इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा था क्योंकि एक ओर जहां भाजपा यहां पर अपनी जीत के दावे कर रही थी, वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के लोकसभा क्षेत्र गुना का हिस्सा होने के चलते उनकी लोकप्रियता की परीक्षा के तौर पर भी इस चुनाव को देखा जा रहा था। हालांकि सारे कयासों पर धूल डालते हुए कांग्रेस ने यहां से शानदार जीत हासिल की है।

ट्रेंडिंग वीडियो