भोपाल

कांग्रेस ने अपनाई ये नई रणनीति, अब ऐसे पहुंचेगी जनता के पास!

कांग्रेस ने अपनाई ये नई रणनीति, अब ऐसे पहुंचेगी जनता के पास!…

भोपालJun 13, 2018 / 12:50 pm

दीपेश तिवारी

कांग्रेस ने अपनाई ये नई रणनीति, अब ऐसे पहुंचेगी जनता के पास!

भोपाल। चुनावी बिसात बिछा रही कांग्रेस प्रदेश के उन घरों तक जाएगी, जिनमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी गए थे। पार्टी ने इन घरों की सूची बनाने का जिम्मा अपने विचार विभाग को दिया है। सूची इसी माह तैयार की जानी है। यह निर्णय मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में किया गया।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, चुनाव रणनीति और योजना समिति के अध्यक्ष सुरेश पचौरी व विचार विभाग के अध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता सहित प्रदेशभर से आए पदाधिकारी मौजूद थे। कमलनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार बौखला गई है। वह अब हर हथकंडे अपनाएगी। यह बात आमजन तक पहुंचाने का काम विचार विभाग करेगा। पचौरी ने कहा कि जो दल गलत प्रचार कर रहे हैं, उनका जवाब देने का काम भी इसी विभाग का है।
175 महीने, 175 घोटाले का नारा
भूपेन्द्र गुप्ता ने ‘175 महीने, 175 घोटाले’ का नारा दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय घोटाले की सूची अलग से तैयार की जा रही है। साथ ही यह भी बताया कि ‘मामा जुमले वाले, मामा झांसे वाले’ गीत तैयार किया गया है। इसे गांव-गांव में बजाया जाएगा।
रिटायर्ड अफसर भी जुड़े पार्टी से
रिटायर्ड आइएएस अधिकारी डीएस राय ने कहा कि कांगे्रस से कई अफसर जुडऩे वाले हैं। वे सरकार की नाकामियों का इनपुट तैयार कर रहे हैं। बैठक में चंद्रप्रभाष शेखर, राजीव सिंह, सेवानिवृत्त सीसीएफ जेपी शर्मा, एसबीआइ के रिटायर्ड महाप्रबंधक ओम भदौरिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के रिटायर्ड संचालक सुभाष बाथम, रिटायर्ड जिला जज राजीव सक्सेना, आइपीएस सुजान सिंह, आर्किटेक्ट मनोज मिश्रा और वैंकटेश गणपति, इंजीनियर अशोक मनहर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इधर, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कलेक्टरों से नाराज! :-
मतदाता सूची में 60 लाख बोगस नामों की शिकायत की जांच को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह कलेक्टरों पर नाराज हो गईं। उन्होंने यह तक कह दिया कि जो कलेक्टर काम नहीं करेंगे, उन्हें सस्पेंड कर दूंगी। डिप्टी सीइओ संदीप यादव को निर्देश दिए कि जिन कलेक्टरों ने मतदाता सूची के सत्यापन की गति धीमी है, उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाए।
सीईओ ने सतना कलेक्टर मुकेश शुक्ला से कहा कि आपका डाटा सही नहीं हैं। ऐसे कलेक्टरी करते हैं। सिवनी कलेक्टर गोपाल डाड ने कहा कि हमें डाटा आठ जून को मिला है, अब जांच शुरू करते हैं। इस पर सीईओ नाराज हो गईं, बोलीं-आपको मिला से मतलब। टाइम पर सूची ले जाना आपकी ड्यूटी है। आप आयोग पर देरी का आरोप लगाकर बच नहीं सकते।
सभी कलेक्टर समझ लें कि वे कर्मचारियों पर जिम्मेदारी डालकर नहीं बच पाएंगे। अगर कुछ गड़बड़ी मिलती है तो वे ही जिम्मेदार होंगे। कटनी कलेक्टर से कहा आप हर बार बोलते हैं कि कर लूंगा, आखिर करेंगे कब। सीइओ ने भोपाल और शिवपुरी कलेक्टर को उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में डुप्लीकेशन बिलकुल नहीं मिलना चाहिए, इसे गंभीरता से लें। बुरहानपुर कलेक्टर को भी खरी-खोटी सुनाई।
देरी से आने पर ग्वालियर कलेक्टर अशोक वर्मा पर तंज कसा कि आपको वीसी का टाइम नहीं पता। हरदा कलेक्टर को कहा कि सारे काम तय समय सीमा में होना चाहिए। जो पलायन कर गए हैं, उनके मामले में नोटिस देकर अपडेटेशन करें।
सीएल पर हैं तो भी वीसी में आएं
खंडवा, जबलपुर, इंदौर, आगर मालवा कलेक्टरों के बारे में बताया गया कि वे अवकाश पर हैं तो सीइओ ने कहा, ईएल पर कोई छुट्टी पर गया तो कोई बात नहीं, लेकिन सीएल पर कोई है तो वीसी की जानकारी मिलते ही शामिल हों।
भोजपुर-उदयपुरा की भेजी रिपोर्ट
रायसेन जिले की भोजपुर और उदयपुरा विधानसभा सीट की मतदाता सूची की गड़बड़ी की जांच जारी है। चुनाव आयोग की टीम के सत्यापन के बाद बीएलओ की रिपोर्ट को खंगाला जा रहा है। कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी की शिकायत पर सीईओ ने रायसेन कलेक्टर से रिपोर्ट मांगी थी, जो आयोग को भेजी है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.