scriptहम जोड़ने के पक्षधर, यह कानून देश तोड़ने की साजिश: कमलनाथ | MP: Congress protest march of CAA and NRC | Patrika News

हम जोड़ने के पक्षधर, यह कानून देश तोड़ने की साजिश: कमलनाथ

locationभोपालPublished: Dec 26, 2019 02:02:56 am

न्याय शांति यात्रा: सीएए और एनआरसी के विरोध में सड़क पर उतरी कमलनाथ सरकार

MP: Congress protest march of CAA and NRC

यात्रा में शामिल सभी लोग गांधी टोपी लगाए हुए थे।

भोपाल. नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के खिलाफ बुधवार को कांग्रेस ने मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में संविधान बचाओ न्याय शांति यात्रा निकाली। कमलनाथ ने कहा, देश के हृदय प्रदेश में निकला यह शांति मार्च सीएए और एनआरसी के संविधान विरोधी होने का संदेश है। हमारी जोड़ने की संस्कृति है। यह कानून देश को तोड़ने की साजिश है। इसे हम सफल नहीं होने देंगे। समस्या यह नहीं है कि इस कानून में क्या लिखा है, बल्कि सवाल यह है कि इसमें क्या नहीं लिखा है। बात यह नहीं है कि इसका कितना उपयोग होगा, बल्कि चिंता इस बात की है कि इसका दुरुपयोग कितना होगा। कमाल यह है कि गृहमंत्री अमित शाह सदन में कहते हैं कि एनआरसी जल्द पूरे देश में लागू करेंगे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनसभा में कहते हैं कि एनआरसी पर तो अब तक कोई चर्चा ही नहीं हुई। जब शाह और मोदी सदन में कुछ कहते हैं और सड़क पर कुछ तो जनता किसे सच्चा माने।
सीएम ने केंद्र सरकार की नीयत पर संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का अंदरूनी लक्ष्य तो टेबल के नीचे है। यह जनविरोधी, संविधान विरोधी, समाज विरोधी और धर्म विरोधी कानून मध्य प्रदेश में किसी कीमत पर लागू नहीं होगा। गिरती अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और कृषि जैसे बड़े मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए जनता को गुमराह किया जा रहा है। हमने पूरा कानून पढ़ा है। इससे आने वाली पीढिय़ों के भविष्य पर संकट है।

दिग्विजय-सिंधिया नदारद
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया न्याय शांति मार्च में शामिल नहीं हो सके। हालांकि दिग्विजय पिछले कुछ दिनों से लगातार लोगों से संपर्क कर इसे सफल बनाने में जुटे थे।

चढ़ते पारे के साथ बढ़ती गई भीड़
कड़ाके की सर्दी की वजह से बुधवार को यात्रा की शुरुआत में भीड़ कम दिखी। जैसे-जैसे तापमान बढ़ा, भीड़ भी बढ़ती चली गई। हालांकि मंत्री, विधायक, सांसद यहां तक कि पुलिस और इंटेलिजेंस ने भी भीड़ जुटने के अपने अलग-अलग अनुमान दिए।

भीड़ पर दावे…
कृषि मंत्री सचिन यादव: 10 हजार से ज्यादा
सांसद राजमणि पटेल: 15 हजार के करीब
विधायक कांतिलाल भूरिया: 25 हजार
इंटेलिजेंस: 22 से 25 हजार
भोपाल पुलिस: 8 से 10 हजार

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो