scriptझाबुआ में चरम पर पहुंचा चुनाव प्रचार, भूरिया v/s भूरिया में कौन होगा सरताज….फैसला 24 को | MP: Jhabua Assembly Bye Election news | Patrika News

झाबुआ में चरम पर पहुंचा चुनाव प्रचार, भूरिया v/s भूरिया में कौन होगा सरताज….फैसला 24 को

locationभोपालPublished: Oct 18, 2019 09:22:13 pm

21 अक्टूबर को होगा चुनाव, 2.77 लाख मतदाता चुनेंगे अपना विधायक

MP: Jhabua Assembly Bye Election news

MP: Jhabua Assembly Bye Election news

भोपाल. झाबुआ विधानसभा उपचुनाव में सत्तारूढ़ दल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल भाजपा नेताओं के आरोप-प्रत्यारोप के दौर के बीच चरम पर पहुंच चुका चुनाव प्रचार अभियान शनिवार शाम को थम जाएगा। इसके बाद नेता घर-घर पहुंचकर जनसंपर्क कर सकेंगे। झाबुआ में 21 अक्टूबर को मतदान होगा। 24 अक्टूबर को मतों की गिनती के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।
चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस जहां अपने दस माह के शासन के दौरान प्रदेश में किए गए जनहितैषी कार्यों को लेकर जनता के बीच पहुंची। वहीं, भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के विधानसभा चुनाव के पहले किए गए वादों को पूरा नहीं किए जाने के आरोप लगाते हुए मुद्दे उठाए। इसमें किसानों की ऋणमाफी का मामला भी शामिल रहा। पूर्व सांसद कांतिलाल भूरिया झाबुआ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार हैं। वहीं भाजपा की ओर से युवा आदिवासी नेता भानू भूरिया मैदान में हैं।

इन्होंने संभाली प्रचार की कमान
कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री कमलनाथ, मंत्रीपी सी शर्मा, सुरेन्द्र सिंह बघेल, जयवर्धन सिंह, प्रियव्रत सिंह, बाला बच्चन, जीतू पटवारी, विजयलक्ष्मी साधौ, कमलेश्वर पटेल, ओंकार सिंह मरकाम, तुलसी सिलावट, सज्जन सिंह वर्मा और सचिन यादव इस क्षेत्र में प्रचार कर चुके हैं। उधर, भाजपा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, विधानसभा में नेता गोपाल भार्गव सहित अन्य नेताओं ने चुनाव प्रचार अभियान की कमान संभाली।

2 लाख 77 हजार मतदाता
झाबुआ विधानसभा उपचुनाव में 2 लाख 77 हजार 599 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 1 लाख 39 हजार 330 पुरुष और 1 लाख 36 हजार 266 महिला मतदाता हैं। उपचुनाव के लिए 21 अक्टूबर को मतदान होगा। इसके लिए साढ़े तीन सौ से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बता दें, झाबुआ में भाजपा विधायक जीएस डामोर के रतलाम-झाबुआ संसदीय सीट से भाजपा के ही टिकट पर सांसद चुने जाने के कारण विधायक पद से त्यागपत्र देने के कारण यहां पर उपचुनाव हो रहा है। यह उपचुनाव दोनों प्रमुख दलों भाजपा—कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का चुनाव है।

ट्रेंडिंग वीडियो