भोपाल

मतदान के दूसरे दिन कुछ नेताओं ने देर तक ली नींद, पूजा-पाठ के बाद कार्यकर्ताओं से की चर्चाे

मतदान के दूसरे दिन कुछ नेताओं ने देर तक ली नींद, पूजा-पाठ के बाद कार्यकर्ताओं से की चर्चाे, चुनाव से फुर्सत होते ही ली कुछ ज्यादा नींद, फिर पहुंचे मंदिर, फोन पर लेते रहे फीडबैक

भोपालNov 30, 2018 / 01:29 pm

KRISHNAKANT SHUKLA

मतदान के दूसरे दिन कुछ नेताओं ने देर तक ली नींद, पूजा-पाठ के बाद कार्यकर्ताओं से की चर्चाे

भोपाल. चुनाव में प्रदेश के मतदाताओं ने उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला इवीएम में कैद कर दिया है। चुनाव के दूसरे दिन नेताओं को भगवान याद आए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके खिलाफ बुदनी से चुनाव लड़ रहे अरुण यादव मंदिर गए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह बुधवार को ही दिल्ली चले गए थे। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने पोलिंग ऑब्जर्वर के साथ मीटिंग की। लगभग सभी बड़े नेताओं ने अपने पार्टी पदाधिकारियों और प्रत्याशियों से फोन पर फीडबैक लिया।

आज सिर्फ दर्शन करने दो

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को कुछ देर से जागे। दोपहर में कोर ग्रुप के चुनिंदा लोगों के साथ लंच किया। इसके भाजपा के पदाधिकारियों और प्रत्याशियों से फोन पर चर्चा की। शिवराज पत्नी साधना के साथ शाम पांच बजे बिड़ला मंदिर पहुंचे। मीडिया ने सवाल किया तो बोले- बोलता तो रोज हूं, आज दर्शन करने दो। लक्ष्मीनाराण के दर्शन के बाद मंदिर की सीढिय़ों पर बैठकर कुछ देर ध्यान किया। उन्होंने विजिटर बुक में लिखा- सबका मंगल हो, सबका कल्याण हो।

दिल्ली से बेंगलूरु पहुंचे राकेश

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह बुधवार देर रात दिल्ली पहुंच गए थे। उन्होंने गुरुवार सुबह संगठन के कुछ आला पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। उसके बाद 11 बजे वे मीडिया से मिले। राकेश ने दिल्ली में मीडिया मे दावा किया कि कांग्रेस अपनी हार देखकर बौखला गई है, इसलिए हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ रही है। राकेश दोपहर एक बजे दिल्ली से बेंगलूरु रवाना हो गए। वहां वे अनंत कुमार की श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए।

हनुमान की शरण में अरुण

सीएम शिवराज के खिलाफ बुदनी से चुनाव लड़ रहे अरुण यादव ने नसरुल्लागंज में हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद इलाके के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने बुदनी की जनता और कार्यकर्ताओं का मतदान के लिए आभार माना। यादव ने बूथ वार वोटिंग पर भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चर्चा की। यादव ने दावा किया कि उनकी लड़ाई वहां की जनता के हक के लिए थी, इसलिए जनता सच्चाई का साथ देगी और उनकी जीत होगी।

पोलिंग ऑब्जर्वर के साथ बैठक

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने दोपहर में पोलिंग ऑब्जर्वर के साथ मीटिंग की। भाजपा ने कुछ बूथ पर पुनर्मतदान की मांग की है। इसी संबंध में बैठक बुलाई गई थी। बैठक के बाद अजय सतना पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस बीच पार्टी के बड़े पदाधिकारियों से भी चर्चा करते रहे। शुक्रवार को रीवा में कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग भी रखी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में सौ फीसदी कांग्रेस की ही सरकार बनेगी।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.